400 से अधिक प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा, 'रंग कला-2026' प्रतियोगिता संपन्न
दिव्यानंद अर्गल
ग्वालियर। भारतीय कलाकार संघ ग्वालियर, बेताल केन आर्ट ग्रुप एवं नगर निगम ग्वालियर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को कला वीथिका, पड़ाव में "रंग कला-2026" पेंटिंग एवं रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से 400 से अधिक बच्चों एवं युवाओं ने भाग लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में कला के प्रति रुचि विकसित करना, सामाजिक विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनकी सृजनात्मक क्षमता को मंच प्रदान करना था। विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित पेंटिंग एवं रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आकर्षक एवं संदेशपरक कलाकृतियां प्रस्तुत कर निर्णायकों और दर्शकों का मन मोह लिया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में समूह 'ए' में मेधांश फाल्के, समूह 'बी' में आयुषी सेन तथा समूह 'सी' में लक्ष्मी शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं रंगोली प्रतियोगिता में समूह 'ए' में हिमांशु माहौर एवं समूह 'बी' में पलक राजपूत प्रथम रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सुनील जाटव, खुशी वरधिया एवं कार्तिक सोनी को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता का मूल्यांकन वरिष्ठ कलाकार बलवीर खरे, देवेन्द्र शाक्य एवं भूपेन्द्र सिंह चौहान ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम ग्वालियर के सहायक नोडल अधिकारी शैलेन्द्र सक्सेना, एसोसिएशन ऑफ ग्वालियर यूथ सोसायटी के अध्यक्ष संजय कट्टल, भारतीय कलाकार संघ के राष्ट्रीय संयोजक अंकुर पेंटर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पालन सर तथा इंदरगंज थाना प्रभारी दीप्ति तोमर उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कला को समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बताया। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन बेताल केन, कुलदीप राजौरिया एवं नवीन वर्मा ने किया। आयोजन में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, सहयोगी संगठनों एवं टीम सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम की शुरुआत यशिका शिवहरे द्वारा सरस्वती वंदना से हुई। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, अतिथियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

