एमजेएस कॉलेज रनिंग ट्रैक के विकास को लेकर पद्मश्री डॉ. लोहिया ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
भिंड। अंतरराष्ट्रीय पैरा तैराक एवं पद्मश्री सम्मान से सम्मानित डॉ. सतेन्द्र सिंह लोहिया ने भिंड स्थित एम.जे.एस. कॉलेज स्टेडियम के रनिंग ट्रैक के शीघ्र विकास एवं खेल सुविधाओं के उन्नयन की मांग को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। उन्होंने जिले के खिलाड़ियों के हित में जल्द आवश्यक कार्यवाही करने का आग्रह किया है। डॉ. लोहिया ने अपने पत्र में बताया कि 2 अगस्त 2026 को भिंड में आयोजित रन फॉर समृद्धि भिंड कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने एम.जे.एस. कॉलेज स्टेडियम का निरीक्षण किया, जहां बारिश के कारण रनिंग ट्रैक पूरी तरह जलमग्न था। ट्रैक पर चारों ओर कीचड़ और पानी भरा होने से खिलाड़ियों एवं युवाओं को अभ्यास और दौड़ने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने लिखा कि भिंड जैसे जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन आधारभूत खेल सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ियों की प्रतिभा प्रभावित हो रही है। स्वयं भिंड की धरती से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी होने के नाते अपने गृह जिले के खिलाड़ियों की यह स्थिति देखकर उन्हें गहरा दुख हुआ। पत्र में मुख्यमंत्री से स्टेडियम में प्राथमिकता के आधार पर रनिंग ट्रैक पर तत्काल मुरम डालकर समतलीकरण कराने, स्थायी समाधान के रूप में पक्का अथवा सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बनाने, जल निकासी (ड्रेनेज) की समुचित व्यवस्था विकसित करने तथा खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए आवश्यक खेल सुविधाओं का विस्तार कराने की मांग की गई है। डॉ. लोहिया ने पत्र में उल्लेख किया कि मुख्यमंत्री स्वयं भी खेलों से जुड़े रहे हैं और खिलाड़ियों की भावनाओं को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि भिंड के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं तो वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

