पाकिस्तान का मालवाहक विमान रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता, 5 क्रू मेंबर थे सवार
कराची। पाकिस्तान का एक मालवाहक विमान मंगलवार रात को रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गया। विमान में चालक दल के पांच सदस्य सवार थे। यह विमान शारजाह से कराची जा रहा था, लेकिन रास्ते में नेविगेशन सिस्टम में खराबी आने के बाद इसका एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक आशंका जताई जा रही है कि विमान कराची के दक्षिण-पश्चिम में समंदर में क्रैश हो गया है। फिलहाल समंदर में बड़े पैमाने पर तलाशी और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी के मुताबिक, विमान ने पाकिस्तानी समयानुसार रात 9:18 बजे कराची की ओर उड़ान भरते समय नेविगेशन सिस्टम में खराबी की रिपोर्ट की थी। स्थानीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने इसके बाद विमान को गाइड करने की कोशिश की, लेकिन सिर्फ तीन मिनट बाद ही रडार सिस्टम पर विमान तेजी से नीचे गिरता हुआ दिखा और संचार पूरी तरह से कट गया। अथॉरिटी के बयान के मुताबिक, संपर्क टूटते समय फ्लाइट कराची से लगभग 155 समुद्री मील (287 किलोमीटर) पश्चिम में थी। वहीं, स्थानीय मीडिया जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, विमान बलूचिस्तान के ओरमारा के पास अरब सागर के ऊपर उड़ान भरते समय लापता हुआ है।
साभार साभार लाइव हिन्दुस्तान

