सीएम के पिछोर दौरे पर पिछोर विधायक प्रीतम लोधी का दावा: 1 लाख कार्यकर्ता करेंगे स्वागत, जिला और किला की होगी मांग

  • Share on :

'100 बात की एक बात नहीं, अब 1 लाख की एक बात' - 30 साल के संघर्ष का इनाम मांगेंगे कार्यकर्ता, सौगातों का पिटारा खुलने की उम्मीद  
अतुल जैन 
खनियांधाना। 6 तारीख को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित पिछोर दौरे को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। बुधवार को पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि सीएम के पहले पिछोर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ता ऐतिहासिक स्वागत करेंगे और मंच से जिले की सौगात मांगेंगे।  
पत्रकारों से चर्चा में विधायक लोधी ने कहा, "6 तारीख को माननीय मुख्यमंत्री जी हमारे पिछोर में पधार रहे हैं और पहली बार आ रहे हैं। कुछ सौगातें लेकर आ रहे हैं। हमारे कार्यकर्ता इस समय जोश में हैं।"  

'2 लाख हाथ उठाकर मांगेंगे जिला'  
विधायक ने बताया कि कार्यकर्ताओं की एक ही मांग है। "पहले मैं कहता था 100 बात की एक बात, अब हमारे कार्यकर्ता कह रहे हैं, 1 लाख की एक बात। सामने खड़े होंगे दो हाथ, तो 2 लाख बात। 2 लाख हाथ खड़े होंगे और मुख्यमंत्री से मांग करेंगे कि हमें जिला और एक छोटा सा किला चाहिए। पिछोर को और कुछ नहीं मांगना।"  
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ जनता को मिल ही रहा है। "केवल 1 लाख कार्यकर्ता इकट्ठे होकर मुख्यमंत्री जी का स्वागत करेंगे और दोनों हाथ उठाकर जिला मांगेंगे। जिले की सौगात जरूर मिलेगी क्योंकि 30 साल भाजपा कार्यकर्ताओं ने संघर्ष किया है, उसका इनाम चाहिए।"  

'सौगातों का पिटारा यहीं खुलेगा'  
मुख्यमंत्री के साथ आने वाली सौगातों पर लोधी बोले, "मोहन यादव जी जहां भी जाते हैं, सौगातें लेकर जाते हैं। ये पिछोर का सौभाग्य है। मुझे लगता है पिटारा यहीं आकर खुलेगा। भाजपा बताती कम है, करती ज्यादा है। हमें आशा है मुख्यमंत्री पिपरिया को नंबर वन बनाने में भूमिका निभाएंगे।"  

'सबसे बड़ी सभा होगी पिछोर में'  
कार्यक्रम में भीड़ के सवाल पर विधायक ने दोहराया, "1 लाख, दोनों हाथ बटेंगे तो 2 लाख। नारा यही है - 100 बात की एक बात नहीं, अब 1 लाख की एक बात, जिला और किला।" कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में सीएम का सबसे ज्यादा स्वागत पिछोर में होगा और सबसे बड़ी सभा भी यहीं होगी।  
उल्लेखनीय है कि पिछोर को जिला बनाने की मांग दशकों पुरानी है। 6 तारीख को सीएम के दौरे पर क्षेत्रवासियों की निगाहें टिकी हैं।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper