शुभेंदु अधिकारी के करीबी की हत्या की साजिश का पर्दाफाश: CBI ने दो सगे भाइयों को दबोचा
कोलकाता। सीबीआई ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या की साजिश के मामले में दो मुख्य संदिग्धों को गिरफ़्तार किया है। इस मामले में राज्य की एक प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक पार्टी के पदाधिकारी से संभावित संबंध भी सामने आए हैं।
सीबीआई ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या की साजिश के मामले में दो मुख्य संदिग्धों को गिरफ़्तार किया है। जानकारी के मुताबिक दोनों बीजेपी के ही कार्यकर्ता हैं और रथ के साथ ही काम करते थे। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि दोनों के संपर्क एक प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक दल से थे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। गिरफ्तार किए गए आरोपी दो भाई हैं, जिनकी पहचान सागर सोनकर और साहिब सोनकर के तौर पर हुई है। वे रथ के साथ काम करते थे।
अधिकारियों के अनुसार, जांच से पता चला कि रथ के साथ काम करने के दौरान सागर सोनकर लैंडलाइन फोन के ज़रिए प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक पार्टी के ऑफिस के नियमित संपर्क में था। उन्होंने बताया कि आरोपियों को शुक्रवार को कोलकाता की एक विशेष अदालत में पेश किए जाने की संभावना है। रथ की छह मई को उत्तरी 24 परगना जिले के मध्यमग्राम के पास कार में यात्रा करते समय मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
अधिकारियों के मुताबिक, एजेंसी ने सागर और पार्टी कार्यालय के बीच लगातार हो रही फोन कॉल पर गौर किया है और उस व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, जिसके संपर्क में वह था। अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी को यह भी पता चला है कि 2020 तक सागर भाजपा में शामिल होने से पहले प्रतिद्वंद्वी पार्टी के एक विधायक के साथ काम करता था। उन्होंने कहाकि सागर के कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच के दौरान शक पैदा हुआ, जिसमें प्रतिद्वंद्वी पार्टी के स्थानीय कार्यालय में कई कॉल किए जाने का पता चला।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

