पीएम मोदी 23-24 सितंबर को करेंगे 'चिंतन बैठक', कैबिनेट फेरबदल की चर्चाएं तेज
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह केंद्रीय मंत्रियों के साथ दो दिवसीय विशेष ‘चिंतन बैठक’ करेंगे। यह बैठक 23 और 24 सितंबर को होगी। सरकार के कामकाज, नीतियों के क्रियान्वयन और भविष्य की प्राथमिकताओं को लेकर होने वाली इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। वहीं, बैठक की टाइमिंग को देखते हुए राजनीतिक गलियारों में कैबिनेट फेरबदल की अटकलों ने भी जोर पकड़ लिया है। हालांकि, सरकार की ओर से कैबिनेट में फेरबदल को लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है।
रिपोर्टों के मुताबिक, बैठक में केंद्रीय मंत्रियों के साथ सरकार के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। खास तौर पर नीतियों को जमीन पर लागू करने की गति, सरकारी योजनाओं की प्रगति, मंत्रालयों के बीच बेहतर तालमेल और आम लोगों तक सरकारी सेवाओं की पहुंच जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, यह बैठक सामान्य कैबिनेट बैठक से अलग तरीके की होगी। इसमें मंत्रियों को अलग-अलग समूहों में बांटकर विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श कराया जा सकता है। रिपोर्टों के अनुसार, ऐसे कई समूह बनाए गए हैं, जिनमें मंत्री शासन व्यवस्था, संवाद, सुधार और सरकार के कामकाज को और प्रभावी बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
बैठक में कुछ मंत्रालयों की ओर से अपने कामकाज और उपलब्धियों को लेकर प्रस्तुतीकरण भी दिए जाने की संभावना है। सरकार की मौजूदा योजनाओं की स्थिति, अब तक हासिल किए गए परिणाम और आने वाले महीनों के लिए प्राथमिकताओं पर विस्तृत चर्चा हो सकती है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

