न्यूजीलैंड जाएंगे पीएम मोदी: क्रिस्टोफर लक्सन बोले- 1.4 अरब के बाजार से हमारी आर्थिक समृद्धि को लगेंगे पंख

  • Share on :

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह न्यूजीलैंड की अपनी पहली यात्रा पर जा रहे हैं। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने X पर पोस्ट किए गए एक बयान में इसकी घोषणा की। शुक्रवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में बताया कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते न्यूजीलैंड के अपने पहले आधिकारिक दौरे पर आ रहे हैं।
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने लिखा, “मुझे यह घोषणा करते हुए बेहद खुशी हो रही है कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते न्यूजीलैंड की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है, जिससे राजनयिक संबंध और मजबूत होंगे।”
क्रिस्टोफर लक्सन आगे लिखा, “भारत दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और न्यूजीलैंड की आर्थिक समृद्धि के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण देश है। अप्रैल में हस्ताक्षरित न्यूजीलैंड-भारत मुक्त व्यापार समझौते के साथ हम दोनों देशों के संबंधों को अगले स्तर पर ले जा रहे हैं, जिससे न्यूजीलैंड के लिए ज्यादा रोजगार, उच्च निर्यात और मजबूत आर्थिक विकास सुनिश्चित होगा।”
संभावित परिणामों को और अधिक रेखांकित करते हुए लक्सन ने लिखा, “इससे 1.4 अरब लोगों के बाजार में हमारे सामान और सेवाओं के निर्यात को बढ़ाने के नए अवसर खुलेंगे। जिससे कीवी समुदायों में ज्यादा धन आएगा, रोजगार सृजित होंगे और मजदूरी में वृद्धि होगी।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा अप्रैल 2026 में न्यूजीलैंड-भारत मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर के बाद हो रहा है, जो व्यापार, निवेश और जन-संबंधों में सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया एक ऐतिहासिक समझौता है। इस व्यापक समझौते में बाजार पहुंच, कृषि उत्पादकता, निवेश, प्रतिभा का आवागमन, खेल, पर्यटन और शैक्षिक आदान-प्रदान शामिल हैं। जिससे दोनों देशों के निर्माताओं, किसानों, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), महिला उद्यमियों, छात्रों और कुशल पेशेवरों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
साभार जनसत्ता

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper