ललितपुर से सागर सप्लाय होता रहा 'जहर'... 'नकली शराब' ने अनेक परिवारों पर बरपाया कहर!

  • Share on :

राजेश धाकड़ 
मध्यप्रदेश के सागर जिले में हुए शराब कांड ने सबको हिलाकर रख दिया... अब इसे लेकर सियासत शुरू हुई और विपक्ष ने सत्ता पक्ष को घेरना शुरू कर दिया... यह कांड तब हुआ जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश में ही नहीं हैं... हालांकि उनकी ओर से प्रतिक्रिया आई और कहा गया कि ''यह संवेदनशील मामला है... नई दिल्ली प्रवास के दौरान यह मामला संज्ञान में आते ही मैंने सागर जिले के प्रभारी मंत्री एवं संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए... इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा... वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र में तत्काल जांच, राहत और उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं...''

इनके नाम आए सामने...

उधर, एक खबर यह सामने आई कि जिले के बंडा क्षेत्र में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से जिन लोगों की मौत हुई उस मामले की शुरुआती जांच में ही यह खुलासा हो गया कि यह शराब उत्तरप्रदेश के ललितपुर जिले से सटे गांवों से यूपी के शराब माफियाओं द्वारा सप्लाय कराई जाती रही और एक बड़ा रैकेट की लिंक भी पुलिस को सागर से ललितपुर के बीच की हाथ लगी... इस मामले में ललितपुर निवासी रवि लखेरा, उसकी पत्नी शिवानी लखेरा, चंद्रेश लोधी, मोना राजा सहित अन्य के नाम मीडिया में सामने भी आए...

आबकारी में इन पर गिरी गाज...

सागर ज़िले के बंडा तहसील के ग्राम गोगरा खुर्द, नौरोज, और पाटन में नक़ली शराब पीने से दस व्यक्तियों की मृत्यु के मामले में राज्य शासन द्वारा उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव मुख्यालय ग्वालियर अटैच किया गया... इसी तरह 1. कीर्ति दुबे,सहायक आयुक्त आबकारी सागर 2. दिलीप खंडाते सहायक जिला आबकारी अधिकारी सागर 3. प्रोशनी उरेती  आबकारी उप निरीक्षक वृत बंडा को निलंबित किया गया...

हाथों हाथ 'खाकी' भी नप गई...

इस मामले में गुगरा चौकी प्रभारी पूरण लाडिया तथा बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह कुशवाहा को भी निलंबित किया गया है... 

गरमाई मध्यप्रदेश की सियासत...

जहरीली शराब से मौत के मामले में अब कांग्रेस भी सक्रिय नजर आई और उसके नेताओं ने मुख्यमंत्री से लेकर भाजपा को घेरना शुरू कर दिया... मीडिया से बात करते हुए विवेक तंखा ने कहा कि अवैध शराब एक बहुत बड़ी सामाजिक बुराई है, जिसे खत्म करने के लिए समाज और प्रशासन को मिलकर काम करना चाहिए... हालांकि, सागर की घटना से यह साफ जाहिर होता है कि सरकार का इस अवैध कारोबार पर कोई नियंत्रण नहीं है और वह आम जनता की सुरक्षा करने में पूरी तरह असफल साबित हुई है... उन्होंने आगे मांग की कि शराब त्रासदी में जो लोग बीमार पड़े हैं और जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है, उन्हें बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दी जाएं, ताकि और जिंदगियां न जाएं..!

बीमारों से मिलने पहुंचे नेता-अधिकारी...

 उधर, इस कथित जहरीली शराब के सेवन से कई बीमार भी हुए हैं, जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया...  बीमार लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए दमोह लोकसभा क्षेत्र के सांसद राहुल सिंह लोधी, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह, आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना, कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया बंडा सिविल अस्पताल पहुंचे... जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अस्पताल के वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली... इस दौरान सांसद राहुल सिंह लोधी ने डॉक्टरों को सभी मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में बेहतर और नि:शुल्क इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए... उन्होंने कहा कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी...

ग्राम में पसरा मातम... कहीं सन्नाटा... कहीं रोने-बिलखने की आवाजें...


एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस जहरीली शराब का सबसे ज्यादा असर ग्राम नौराज और घूघरा खुर्द में देखने को मिला... जब इस हादसे की जमीनी हकीकत जानी तो वहां का नजारा बेहद दर्दनाक था... गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा था और कई घरों से रोने-बिलखने की आवाजें सुनाई दे रही थीं... नौराज की चौपालों और तंग गलियों में पहुंचने पर जगह-जगह देशी शराब की खाली बोतलें और क्वार्टर बिखरे दिखाई दिए... गांव में लोग झुंड बनाकर बैठे मिले, लेकिन खौफ के कारण कोई भी कैमरे के सामने खुलकर बोलने को तैयार नहीं हुआ... हालांकि, कुछ ग्रामीणों ने दबी जुबान में बताया कि गांव में लंबे समय से गली-गली अवैध देशी और कच्ची शराब बेचे जाने की बात सामने आती रही...

ललितपुर रैकेट का नेटवर्क और कहां तक फैला..?

दूसरी तरफ, इस शराब कांड के बाद अब ललितपुर के इस शराब रैकेट की तह तक पहुंचने में जिम्मेदार जुट गए... यह पता लगाया जा रहा है कि ललितपुर के इस रैकेट की शराब सागर के अलावा प्रदेश के अन्य कौन-से जिलों-शहरों में सप्लाय हो रही... संभावना है कि अब प्रदेशभर में अवैध शराब को लेकर धड़ाधड़ बड़ी कार्रवाइयां भी होती नजर आए..!

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper