अवैध शराब के अड्डे पर पुलिस-आबकारी का शिकंजा, 8 हजार लीटर गुड़ का लहान नष्ट
कच्ची शराब बनाने की तैयारी पर कार्रवाई, 40 लीटर अवैध शराब जब्त; दो आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट में मामला दर्ज
करैरा। अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत करैरा थाना पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कंजर बस्ती डेरा, बायपास रोड करैरा में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 8,000 लीटर गुड़ का लहान नष्ट कराया। मौके से 40 लीटर अवैध कच्ची शराब भी जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंजर बस्ती डेरा क्षेत्र में बड़ी मात्रा में गुड़ का लहान तैयार कर रखा गया है, जिससे अवैध कच्ची शराब का निर्माण किया जाना था। सूचना के आधार पर करैरा पुलिस ने आबकारी विभाग को अवगत कराया और संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।
टीम को देखकर मौके पर मौजूद दो व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें पुलिस बल की मदद से पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम रवि कंजर एवं रिंकू कंजर बताए। दोनों के मकानों के पीछे बने बाड़ों की तलाशी लेने पर अलग-अलग स्थानों पर रखे 21 ड्रमों में गुड़ का लहान पाया गया। इसकी अनुमानित मात्रा करीब 8,000 लीटर बताई गई, जिसे आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर नष्ट कराया।
वहीं, दोनों आरोपियों के कब्जे से 20-20 लीटर कच्ची शराब, कुल 40 लीटर, जब्त की गई। शराब रखने अथवा निर्माण से संबंधित लाइसेंस मांगे जाने पर आरोपियों द्वारा लाइसेंस नहीं होना बताया गया। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध शराब के निर्माण एवं कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका: थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई, सउनि शैलेन्द्र सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक प्रतिपाल सिंह, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र चौहान, आरक्षक जितेन्द्र कुमार, गोविन्द रावत, आशीष शर्मा एवं जितेन्द्र गुर्जर सहित आबकारी विभाग करैरा के उपनिरीक्षक विनीत शर्मा, उपनिरीक्षक राहुल गुप्ता, उपनिरीक्षक बृजराज शर्मा, प्रधान आरक्षक गिर्राज आदिवासी, प्रधान आरक्षक सतीश जयंत एवं आरक्षक मुकेश माहौर, डोगर सिंह एवं डाल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शिवपुरी जिला ब्यूरो
हेमंत भार्गव
रणजीत टाइम्स

