काले हीरे के अबैध कारोबार पर पुलिस सख्त JCB सहित ट्रैक्टर टाली जब्त
प्रदीप सिंह बघेल
शहडोल। आदिवासी बाहुल्य शहडोल जिले में धरती के नीचे दफन ब्लैक डायमंड यानी कोयले का काला कारोबार लगातार फैलता जा रहा है। कोल माफिया जंगल और सुनसान इलाकों में गुफानुमा खतरनाक गड्ढे खोदकर अवैध उत्खनन कर रहे हैं। इसी काले कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बुढार पुलिस ने जमुनिहा नाला क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध कोयला उत्खनन का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 30 लाख रुपए का मशरूका कोयला, एक जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की
जानकारी के मुताबिक, बुढार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लालपुर जमुनिहा नाला में लंबे समय से अवैध कोयला उत्खनन और परिवहन का खेल चल रहा था, मुखबिर से सूचना मिलने के बाद बुढार पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से इलाके में दबिश दी, पुलिस की रेड पड़ते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अवैध कारोबार में लगे लोग भाग निकले, मौके पर पुलिस को भारी मात्रा में अवैध कोयला मिला, जिसकी कीमत करीब 30 लाख रुपए आंकी जा रही है। साथ ही अवैध उत्खनन में इस्तेमाल की जा रही एक जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त की गई है। पुलिस ने वाहन मालिकों और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में गुफानुमा खतरनाक खदानें बनाकर धरती के नीचे से कोयला निकाला जा रहा था, ये अवैध खदानें न सिर्फ गैरकानूनी थीं, बल्कि कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती थीं। फिलहाल बुढार पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय कोल माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
वहीं इस मामले में बुढार थाना प्रभारी विनय सिंह गहरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना क्षेत्र के जमुनिहा नाला से कोयले का अवैध उत्खनन कर परिवहन पर कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर जब्त कर दोनों वाहन मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की है।

