CM हेल्पलाइन की शिकायत से खफा पुलिस पर गंभीर आरोप, दिव्यांग युवक से मारपीट और धमकाने का आरोप

  • Share on :

करैरा/शिवपुरी। करैरा अनुभाग के धनरा चौकी क्षेत्र से पुलिस कार्रवाई को लेकर एक गंभीर शिकायत सामने आई है। ग्राम कड़ोरा लोधी निवासी 19 वर्षीय नीतेश वंशकार ने एसडीओपी करैरा को आवेदन देकर धनरा चौकी प्रभारी अनुराधा सिंह सहित पांच अज्ञात पुलिसकर्मियों पर मारपीट, अभद्रता, जबरन मोबाइल छीनने, सीएम हेल्पलाइन की शिकायत बंद करवाने तथा धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष एवं न्यायोचित कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को नीतेश अपनी जमीन जोतने गया था। इसी दौरान बृजेश वंशकार और राकेश वंशकार द्वारा कथित रूप से उसे जमीन जोतने से रोकने, गाली-गलौज करने और मारपीट की धमकी देने का आरोप लगाया गया। नीतेश का कहना है कि इस संबंध में उसने धनरा चौकी में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर 11 जुलाई को सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सीएम हेल्पलाइन शिकायत के बाद चौकी पुलिस ने कथित रूप से मोबाइल फोन लेकर ओटीपी प्राप्त किया और शिकायत बंद करवा दी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने 12 अगस्त को पुनः सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने तथा पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देने की बात कही है।
13 अगस्त की घटना को लेकर लगाए गंभीर आरोप
आवेदन में नीतेश ने आरोप लगाया कि 13 अगस्त को दोपहर करीब 12:30 बजे वह घर में अकेला था। इसी दौरान दिनारा पुलिस की नीले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली कार तथा धनरा चौकी की काले रंग की कार उसके घर पहुंची। शिकायतकर्ता के अनुसार, दोनों वाहनों में करीब पांच पुलिसकर्मी थे, जिनमें कुछ वर्दी में और कुछ सादे कपड़ों में थे।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायत को लेकर नाराजगी जताते हुए उसका लोअर खींचा, मोबाइल फोन छीन लिया और जबरन वाहन में बैठाकर धनरा चौकी ले गए। रास्ते में थप्पड़ मारने तथा गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने स्वयं को दृष्टिबाधित बताते हुए आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ अपमानजनक संबोधन भी किया।
शिकायत के मुताबिक, चौकी पहुंचने के बाद उसे कथित रूप से एक कमरे में बंद कर दिया गया। इसके बाद धनरा चौकी प्रभारी अनुराधा सिंह पर प्लास्टिक के पाइप से मारपीट करने तथा भविष्य में सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करने पर बिजली तार चोरी के झूठे मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उससे कान पकड़वाकर मुर्गा बनाया गया और कमरे में चक्कर लगवाए गए। उसके अनुसार, करीब शाम 4:30 बजे उसे छोड़ा गया।
परिजनों को धमकाने का भी आरोप
नीतेश ने आवेदन में आगे कहा है कि जब वह शिकायत करने करैरा आया तो इसकी जानकारी कथित रूप से धनरा चौकी पुलिस को हो गई। इसके बाद उसके परिजनों को फोन कर उसे वापस बुलाने और शिकायत करने पर परिणाम भुगतने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने एसडीओपी करैरा से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर धनरा चौकी प्रभारी अनुराधा सिंह एवं अन्य अज्ञात पुलिसकर्मियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने तथा दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, आवेदन में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के कथन पर आधारित हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
रणजीत टाइम्स न्यूज
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ — हेमंत भार्गव

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper