शराब में धुत पिता की लापरवाही पर भारी पड़ी पुलिस की सतर्कता, 8 माह के मासूम को सकुशल परिजनों से मिलाया

  • Share on :

शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ : हेमंत भार्गव
शिवपुरी// मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए शिवपुरी पुलिस ने एक 8 माह के मासूम बच्चे को सकुशल उसके परिजनों से मिलाकर सराहनीय कार्य किया है। पिता की नशे की हालत में हुई लापरवाही के बीच पुलिस की तत्परता और बस प्रभारी की सजगता से एक बड़ा हादसा टल गया। 
जानकारी के अनुसार, गांधी पार्क बस पार्किंग में ड्यूटी पर तैनात एएसआई शैलेंद्र सिंह चौहान को बस प्रभारी नरोत्तम चंदेल निवासी चांदपुर, थाना छर्च ने सूचना दी कि वह चांदपुर एवं बरई क्षेत्र से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए बस लेकर शिवपुरी आ रहे थे। इसी दौरान ग्राम झिरी स्थित पेट्रोल पंप के पास एक युवक अपने करीब 8 माह के बच्चे को लेकर बस में सवार हो गया। युवक अत्यधिक शराब के नशे में था और सफर के दौरान उसने मासूम बच्चे को दो-तीन बार गिरा दिया।
स्थिति को भांपते हुए बस प्रभारी नरोत्तम चंदेल ने तत्काल बच्चे को अपनी गोद में लेकर सुरक्षित रखा और शिवपुरी पहुंचने पर इसकी जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर शराबी युवक ने अपना नाम संदीप पटेल निवासी पारसोल मोहार बताया तथा अपनी ससुराल ग्राम झिरी, थाना छर्च होना बताया। युवक नशे में इतना धुत था कि वह गांधी पार्क बस पार्किंग में अपने ही बच्चे को इधर-उधर ढूंढता फिर रहा था।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए ग्राम झिरी में संपर्क कर बच्चे के मामा को बुलाया। परिजनों ने बताया कि संदीप पटेल बिना किसी को बताए चुपचाप बच्चे को ससुराल से लेकर चला आया था। आवश्यक पुष्टि के बाद पुलिस ने 8 माह के मासूम को सकुशल उसके मामा के सुपुर्द कर दिया।
बच्चे के परिजनों ने पुलिस और बस प्रभारी नरोत्तम चंदेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सजगता और संवेदनशीलता के कारण मासूम सुरक्षित परिवार तक पहुंच सका।
इस सराहनीय कार्य में गांधी पार्क पार्किंग में तैनात एएसआई शैलेंद्र सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक रामेश्वर पाल एवं आरक्षक भीकम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, पुलिस ने भी बस प्रभारी नरोत्तम चंदेल की सतर्कता और मानवीय संवेदना की प्रशंसा की है।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस की सजगता और समाज के जिम्मेदार नागरिकों की संवेदनशीलता किसी मासूम की जिंदगी को सुरक्षित रखने में कितनी अहम भूमिका निभा सकती है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper