गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियां जारी

  • Share on :

उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा इंदौर में करेंगे ध्वजारोहण
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने  मुख्य समारोह स्थल नेहरू स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा
इंदौर।  इंदौर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की व्यापक तैयारियां जारी है। मुख्य समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ध्वजारोहण करेंगे। इंदौर में यह समारोह  सुबह 9 बजे से नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जायेगा। इस समारोह में  परेड सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने आज अधिकारियों के दल के साथ नेहरू स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूर्व कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिये। 
  इस अवसर पर एडीएम श्री रोशन राय, अपर आयुक्त नगर निगम अभय राजनगांवकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। इस अवसर पर कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने तैयारियों की विभागवार समीक्षा की। बताया गया कि समारोह में विभिन्न प्लाटूनों द्वारा परेड भी प्रस्तुत की जायेगी। राज्य शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों तथा उपलब्धियों पर आधारित 13 से अधिक नयनाभिराम झाँकियां भी विभिन्न विभागों द्वारा निकाली जायेंगी। खजराना गणेश मंदिर,  जिला पंचायत, नगर निगम, इंदौर विकास प्राधिकरण, उद्योग, जेल, महिला बाल विकास, आदिम जाति कल्याण, सामाजिक न्याय, वन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी आदि विभागों द्वारा नयनाभिराम झाँकियां निकाली जायेंगी। समारोह स्थल पर आकर्षक साज-सज्जा की जायेगी। स्वतंत्रता सेनानियों एवं लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित भी किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र भी दिए जाएंगे। समारोह में विभिन्न स्कूली विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जाएंगे।
 इसी तरह इंदौर संभाग के बुरहानपुर  में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, खरगोन में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास सारंग, बड़वानी में   कौशल विकास एवं रोजगार विभाग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल तथा खंडवा में  संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  श्री धर्मेंद्र भावसिंह लोधी ध्वजारोहण करेंगे। संभाग के धार, झाबुआ  तथा आलीराजपुर जिले के मुख्य समारोह में  संबंधित जिला कलेक्टर ध्वजारोहण करेंगे। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आदेश जारी कर दिए गये हैं।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper