आंचलिक बोलियों का संरक्षण जरूरी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

  • Share on :

मालवा की बोली, संस्कृति और पकवानों की अपनी अलग पहचान
मालवा महोत्सव को और भव्य एवं व्यापक स्वरूप देंगे : डॉ. नवीन आनंद जोशी
तीन दिवसीय मालवा महोत्सव का शुभारंभ
मालवा अलंकरण सम्मान से विभूतियां सम्मानित
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आंचलिक बोलियों का संरक्षण और संवर्धन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए आवश्यक है। मालवा की बोली, व्यवहार और पकवानों का अपना अलग ही आनंद है। मालवा की माटी में सौंधापन और आत्मीयता है। यहां की संस्कृति की हर काल में अपनी विशिष्ट पहचान रही है। मालवी भाषा का अंदाज भी निराला है। इसे समझने वाला ही इसके भाव और अर्थ को सही मायने में समझ सकता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित तीन दिवसीय मालवा महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को मालवा अलंकरण सम्मान से सम्मानित किया। कार्यक्रम में स्मारिका ‘यो अपनो मालवो’ का विमोचन भी किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन कालगणना का केंद्र और अनेक महापुरुषों की धरती रही है। मालवा का इतिहास, धार्मिक परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत देशभर में विशिष्ट स्थान रखती हैं।
प्रख्यात पुरातत्वविद, इतिहासकार और चित्रकार पद्मश्री डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर के कार्यों को समर्पित आधुनिक प्रयोगशाला का विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद में शुभारंभ भी गौरव का विषय है। भोपाल के पास रातापानी अभयारण्य को मालवा के सपूत डॉ. वाकणकर के नाम पर समर्पित किया गया है। मालवा की देवी अहिल्याबाई होल्कर का योगदान केवल सुशासन तक सीमित नहीं था। उन्होंने देशभर में सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यों के माध्यम से अपनी अमिट छाप छोड़ी। मालवा के विकास और गौरव को आगे बढ़ाने में उनका योगदान अविस्मरणीय है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंधिया वंश का भी मालवा से गहरा ऐतिहासिक नाता रहा है। बाद में सिंधिया वंश के पूर्वज ग्वालियर में बस गए। उज्जैन और आसपास के प्राचीन धार्मिक स्थल, यहां की परंपराएं और दाल-बाटी जैसे पारंपरिक पकवान मालवा की विशिष्ट पहचान हैं।
भारतीय भाषाओं के साथ प्रदेश की आंचलिक बोलियों का भी संकलन और संरक्षण किया जाना चाहिए। वर्तमान में सिंहस्थ की व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। आने वाले समय में मालवा का गौरव और मान लगातार बढ़ेगा।

मालवा की संस्कृति और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा संकल्प : डॉ. नवीन आनंद जोशी
कार्यक्रम में मेला संयोजक एवं मालवा विकास उत्सव समिति के अध्यक्ष डॉ. नवीन आनंद जोशी ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मालवा महोत्सव में आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक मेला नहीं, बल्कि मालवा की हजारों वर्षों की समृद्ध परंपरा, लोकजीवन, साहित्य, कला, खान-पान और सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत करने का प्रयास है।डॉ. जोशी ने कहा कि मालवा की पहचान केवल उसकी भौगोलिक सीमाओं से नहीं, बल्कि उसकी बोली, व्यवहार, लोकगीतों, लोकनृत्यों, परंपराओं और आत्मीयता से है। मालवी बोली में जो मिठास और अपनापन है, वह हमारी सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आज आवश्यकता है कि नई पीढ़ी अपनी मातृभाषा और आंचलिक बोलियों से जुड़े, उन्हें जाने, समझे और गर्व के साथ उनका उपयोग करे।
उन्होंने कहा कि मालवा की धरती ने साहित्य, कला, संगीत, अध्यात्म, स्वतंत्रता आंदोलन और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में देश को अनेक महान विभूतियां दी हैं। उज्जैन की आध्यात्मिक परंपरा, भगवान महाकाल की नगरी, ओंकारेश्वर की पवित्रता, देवी अहिल्याबाई होल्कर की लोककल्याणकारी विरासत और मालवा की समृद्ध लोकसंस्कृति हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इस महोत्सव के माध्यम से हम मालवा की इन्हीं विशेषताओं को प्रदेश और देश के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं।
डॉ. जोशी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी का मालवी भाषा, मालवा की संस्कृति और क्षेत्रीय परंपराओं के प्रति विशेष प्रेम और अनुराग हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। उनके नेतृत्व में प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नई प्रतिष्ठा मिल रही है। आंचलिक बोलियों के संरक्षण और संवर्धन के प्रति मुख्यमंत्री जी की सकारात्मक सोच से इस दिशा में नए अवसर पैदा होंगे।उन्होंने कहा कि मालवा की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक व्यापक बनाने के लिए राजधानी भोपाल में मालवा भवन की आवश्यकता भी महत्वपूर्ण है। यह भवन मालवा के साहित्यकारों, कलाकारों, लोकसंस्कृति के साधकों और सामाजिक संगठनों के लिए एक साझा सांस्कृतिक केंद्र बन सकता है। समिति इस दिशा में भी सकारात्मक पहल की अपेक्षा रखती है।
डॉ. जोशी ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशा और मार्गदर्शन के अनुरूप आने वाले वर्षों में मालवा महोत्सव को और अधिक भव्य, व्यापक और राष्ट्रीय पहचान वाला आयोजन बनाया जाएगा। इसमें मालवा के सभी जिलों की लोककलाओं, पारंपरिक व्यंजनों, हस्तशिल्प, साहित्य, लोकसंगीत और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को अधिक अवसर दिए जाएंगे। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, कलाकारों, साहित्यकारों, सामाजिक संस्थाओं, स्टॉल संचालकों और सहयोगियों का आभार भी व्यक्त किया।
विभूतियों को मालवा अलंकरण सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शिव चौरसिया, एनएसडी प्रशिक्षक श्रीमती निशा त्रिवेदी, मालवी साहित्यकार श्रीमती माया बद्रिका, व्यंग्यकार मुकेश जोशी, मालवा पत्रकारिता के शोधकर्ता  कमल हेतवाल, वरिष्ठ साहित्यकार नरहरि पटेल, मालवी उद्घोषक  शैलेंद्र व्यास और यूट्यूबर मालवी भाभी सहित अनेक विभूतियों को मालवा अलंकरण सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया।
यह महोत्सव मालवा की साहित्यिक, सांस्कृतिक और लोक परंपराओं को सामने लाने के साथ क्षेत्र की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अभिनव प्रयास है। इस अफ़सर पर महर्षि शिक्षा संस्थान के प्रमुख वेद विद्या ब्रह्मचारी   गिरीश जी उपस्थित थे उन्होंने भी महोत्सव को संबोधित किया विशाला संस्था उज्जैन के अध्यक्ष राजेश सिंह कुशवाह ,भोज शोध केंद्र के प्रमुख संजय यादव मालवा विकास उत्सव समिति की महासचिव श्रीमती रोमा मल्होत्रा ,डॉ. विकास दवे(निदेशक साहित्य अकादमी)लेखक विनोद नागर, जवाहर कर्नावट,प्रतीष पाठक   राजेंद्र शर्मा ,मनोज खरे,मुकेश कपूर,डॉ.अभिजीत देश मुख ,शिशिर उपाध्याय,  प्रकाश रघुवंश उज्जैन ,राधेश्याम अग्रवाल,दिनेश मालवीय,अतुल खरे,आदि उपस्थित थे ।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper