सुपर सीडर तकनीक से धान के खेत में गेहूं की बोनी, किसानों को समय, श्रम और डीजल की बचत का लाभ
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। नरवाई जलाए बिना खेत में बोनी का आधुनिक विकल्प, फसल अवशेष से खेत में मल्च तैयार होने से मिट्टी को भी मिलेगा लाभ दिशा। कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने तथा किसानों की लागत कम कर खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में सुपर सीडर मशीन उपयोगी साबित हो रही है। इसी क्रम में आज ग्राम बेरखेड़ी जेतु में एक किसान के धान के खेत में सुपर सीडर मशीन के माध्यम से बोनी का कार्य किया गया। सुपर सीडर तकनीक की विशेषता यह है कि इसके माध्यम से खेत में मौजूद फसल अवशेष (नरवाई) को जलाए बिना सीधे बोनी की जा सकती है। इससे किसानों को खेत की बार-बार जुताई और अन्य कृषि कार्यों में लगने वाले समय, श्रम एवं डीजल की बचत होती है। साथ ही कम समय में अधिक क्षेत्र में बोनी का कार्य पूरा किया जा सकता है।
इस तकनीक में सुपर सीडर मशीन नरवाई के बीच से ही बीज की बोनी करती है। खेत में बचे फसल अवशेष जमीन की सतह पर फैलकर मल्च (पलवार) का कार्य करते हैं। इससे मिट्टी की नमी बनाए रखने में मदद मिलती है तथा फसल अवशेषों का उपयोग खेत की उर्वरता और मृदा संरक्षण की दृष्टि से भी लाभकारी हो सकता है। सुपर सीडर से बोनी करने का एक महत्वपूर्ण लाभ यह है कि किसानों को नरवाई जलाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। इससे पर्यावरण प्रदूषण पर अंकुश लगाने के साथ ही मिट्टी के प्राकृतिक गुणों और जैविक गतिविधियों के संरक्षण में भी सहायता मिलती है।
आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग खेती को कम खर्चीला, समय की बचत करने वाला और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ग्राम बेरखेड़ी जेतु में सुपर सीडर से की गई बोनी किसानों के लिए फसल अवशेष प्रबंधन एवं उन्नत कृषि तकनीक अपनाने हेतु अभिप्रेरित किया जा रहा है।

