कल उज्जैन पहुंचेगी राष्ट्रपति मुर्मू, महाकाल के दर्शन करेंगी

  • Share on :

उज्जैन। आखिर वह क्षण आने ही वाला है जिसके लिए प्रशासनिक अमला पिछले एक सप्ताह से तैयारी में जुटा हुआ है। इस कार्यक्रम के तहत रंगाई-पुताई और अन्य व्यवस्थाएं नगर में की जा रही हैं, ताकि राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के उज्जैन आगमन के दौरान कोई कमी न रहे। प्रशासनिक कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति पहले सफाई मित्र सम्मेलन में शामिल होंगी, फिर सिक्स लेन का भूमि पूजन करेंगी और उसके बाद बाबा महाकाल के दर्शन के लिए मंदिर रवाना होंगी।
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू कल गुरुवार (19 सितंबर) को इंदौर देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट से प्रात: 9:50 बजे डीआरपी लाइन हेलीपेड उज्जैन पहुंचेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति प्रात: 10:10 बजे ग्राम डेंडिया के होटल रूद्राक्ष परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। यहां वे सफाई मित्र सम्मेलन और उज्जैन-इंदौर सिक्सलेन रोड के भूमिपूजन कार्यक्रम में भाग लेंगी। कार्यक्रम में स्वागत भाषण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देंगे। राष्ट्रपति इस अवसर पर स्वच्छता मित्रों को प्रमाण-पत्र वितरित करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति उज्जैन-इंदौर सिक्सलेन रोड का भूमिपूजन करेंगी। प्रात: 10:55 बजे मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल का उद्बोधन होगा। 
राष्ट्रपति पूर्वाह्न 11:30 बजे ग्राम डेंडिया रूद्राक्ष होटल परिसर से श्री महाकालेश्वर मंदिर जाएंगी। वहां वे दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगी। श्री महाकालेश्वर मंदिर के नंदी हॉल में उन्हें मंदिर प्रबंध समिति की ओर से स्मृति चिन्ह एवं प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद महाकालेश्वर मंदिर परिसर में शिखर दर्शन और ओंकारेश्वर मंदिर में फोटो सेशन होगा। राष्ट्रपति दोपहर 12:10 से 12:20 बजे तक महाकाल लोक के मूर्तिकारों से संवाद करेंगी और दोपहर 12:20 से 12:30 बजे तक स्वच्छता ही सेवा के तहत श्री महाकालेश्वर मंदिर में स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान वे महाकाल महालोक का भ्रमण भी करेंगी। राष्ट्रपति दोपहर 12:30 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर से डीआरपी लाइन हेलीपेड पर दोपहर 12:40 बजे पहुंचेंगी और फिर 12:50 बजे उज्जैन से इंदौर देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगी।
साभार अमर उजाला

 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper