इंदौर प्रेस क्लब में आकांक्षा योजना को लेकर कांग्रेस नेताओं की प्रेस वार्ता
पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
“हम पढ़ने आए थे, संघर्ष करने नहीं” — छात्रों ने व्यवस्था पर उठाए सवाल
इंदौर। Indore Press Club में आयोजित प्रेस वार्ता में आकांक्षा योजना के अंतर्गत नीट की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं की समस्याओं को लेकर युवा कांग्रेस एवं कांग्रेस सेवादल नेताओं ने प्रदेश सरकार, संबंधित अधिकारियों और संस्थान प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए।
प्रेस वार्ता में युवा कांग्रेस के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष निखिल वर्मा, जिला कांग्रेस सेवादल कार्यवाहक अध्यक्ष विवेक खंडेलवाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश जोशी एवं एनएसयूआई उपाध्यक्ष संदीप पाटोदे मौजूद रहे।
नेताओं ने कहा कि सरकार द्वारा बड़े-बड़े वादों और विज्ञापनों के जरिए गरीब एवं वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को डॉक्टर बनने के सपने दिखाए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर छात्रों को सुविधाओं के नाम पर केवल उपेक्षा, अव्यवस्था और अपमान मिला।
प्रेस वार्ता के दौरान नेताओं ने कहा,
“हम पढ़ने आए थे, संघर्ष करने नहीं, लेकिन व्यवस्था की लापरवाही ने छात्रों को आंदोलन के लिए मजबूर कर दिया।”
नेताओं ने आरोप लगाया कि आकांक्षा योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाना था, लेकिन आज वही छात्र अपने अधिकारों और भविष्य को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। छात्रों की समस्याओं को विस्तार से रखते हुए बताया गया कि नीट की तैयारी के लिए योग्य और विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई।
आरोप लगाया गया कि विद्यार्थियों को ऐसे शिक्षकों से पढ़ाया गया जिन्हें मेडिकल प्रवेश परीक्षा स्तर की तैयारी का पर्याप्त अनुभव नहीं था। इसके चलते 11वीं कक्षा का पूरा सिलेबस मई माह तक भी पूरा नहीं हो सका, जिससे विद्यार्थियों में मानसिक तनाव और भविष्य को लेकर असुरक्षा की स्थिति बन गई है।
नेताओं ने यह भी कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो छात्र अपनी शिकायत सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

