समय-सीमा बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश

  • Share on :

महेन्द्र मालवीय रणजीत टाईम्स
बुरहानपुर :- कलेक्टर श्री हर्ष सिंह के मार्गदर्शन में सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा ने विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उद्यानिकी, कृषि, पशुपालन, आजीविका सहित अन्य विभागों में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान क्षीरधारा योजना के क्रियान्वयन की स्थिति पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में अपेक्षित गति लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही परख एप पर निरीक्षण रिपोर्ट नियमित रूप से दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।
सीईओ एवं अपर कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन की कोई भी शिकायत नॉन-अटेंडेड न रहे। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
बैठक में न्यायालयीन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के निराकरण में गंभीरता एवं तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान कार्यों में प्रगति लाने तथा पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभान्वित करने पर जोर दिया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया गया कि पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान सीईओ श्री वर्मा ने राजस्व अधिकारियों को फार्मर रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने की स्थिति में संबंधितों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। साथ ही राजस्व प्रकरणों के निराकरण में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में डॉग बाइट प्रकरणों पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि डॉग बाइट के मामलों का विश्लेषण कर ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित किया जाए, जहां से अधिक प्रकरण सामने आ रहे हैं। चिन्हित क्षेत्रों में आवश्यक नियंत्रणात्मक एवं रोकथाम संबंधी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वय के साथ कार्य करें तथा शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान समस्त जिलाधिकारीगण मौजूद रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper