हर बहन की रक्षा ही हर युवा का संकल्प हो : श्री निपानिया धाम
रक्षाबंधन पर्व के बाद रविवार की विशेष आरती में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ
राजेश धाकड़
दलोदा। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर निपानिया स्थित श्री अंबाजी धाम में रविवार को विशेष आरती एवं धार्मिक आयोजन हुआ। पूज्य गुरुदेव के सान्निध्य में आयोजित विशेष आरती में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और माता के दर्शन कर धर्मलाभ लिया।
विशेष आरती के दौरान ग्राम निंबोद से माता जी के लिए विशेष सिंहासन बनवाकर भक्तों द्वारा भेंट किया गया। यह सिंहासन धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया के सहयोग से तैयार करवाया गया। इस अवसर पर ग्राम निंबोद के भक्तों ने पूज्य गुरुदेव को कथा आयोजन के लिए निमंत्रण भी दिया।
रक्षाबंधन पर्व पर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए श्री अंबाजी धाम के पीठाधीश्वर पूज्य गुरुदेव ने कहा कि वर्तमान समय को देखते हुए प्रत्येक सनातनी युवा को हर बहन की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। तभी देश की संस्कृति और सनातन परंपराओं की रक्षा हो सकेगी तथा आने वाली पीढ़ी में धर्म और संस्कारों की स्थापना होगी।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व केवल बहन की कलाई पर राखी बांधकर अपना कर्तव्य पूरा करने तक सीमित नहीं है। जीवन में जब भी कोई बहन किसी परेशानी या संकट में दिखाई दे, तो एक भाई के रूप में उसके लिए ढाल बनकर खड़ा होना चाहिए। इसी भावना से रक्षाबंधन पर्व की वास्तविक सार्थकता सिद्ध होगी।
कार्यक्रम के पश्चात सुवासरा से दिल्ली के लाल किले तक साइकिल से तिरंगा यात्रा लेकर पहुंचने वाले यात्रा संयोजक विनय जांगिड़ एवं यशवंत विश्वकर्मा (निंबोद) का पूज्य गुरुदेव द्वारा दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।

