जन चौपाल में गूंजीं जनता की समस्याएं, विधायक रमेश प्रसाद खटीक ने अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
जल निगम के ठेकेदारों पर भड़के विधायक, कहा– टूटी सीसी सड़कें जल्द ठीक करें, नहीं तो करें ब्लैकलिस्ट
राजस्व, बिजली और जल निगम की शिकायतों की भरमार, सीमांकन के सबसे ज्यादा आवेदन पहुंचे
हर महीने शनिवार को लगेगी जन चौपाल, जनता की समस्याओं का मौके पर होगा समाधान
सरकारी जमीनों पर भू-माफियाओं की नजर बर्दाश्त नहीं, खेल मैदान और मुक्तिधाम के लिए भूमि आरक्षित करने के निर्देश
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव
करैरा: करैरा में आयोजित जन चौपाल में विधायक रमेश प्रसाद खटीक ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए जन चौपाल में बिजली, पानी, सड़क, राजस्व, स्वास्थ्य, पेंशन, आवास तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों पर बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए
सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं इनमें सीमांकन, भूमि विवाद, नामांतरण और शासकीय भूमि से जुड़े मामलों के आवेदन प्रमुख रहे ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से लंबित राजस्व मामलों का समय पर समाधान नहीं होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए
जन चौपाल में बिजली आपूर्ति और जल निगम से जुड़ी शिकायतें भी बड़ी संख्या में सामने आईं ग्रामीणों और नगरवासियों ने बताया कि जल निगम के ठेकेदार पाइपलाइन डालने के बाद सीसी सड़कों को खोदकर छोड़ देते हैं, लेकिन लंबे समय तक उनकी मरम्मत नहीं कराते इसके कारण सड़कें उबड़-खाबड़ हो गई हैं और आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं लोगों ने कहा कि यह समस्या किसी एक गांव की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के अनेक गांवों की है
इस पर विधायक रमेश प्रसाद खटीक ने जल निगम के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि सभी ठेकेदारों को तत्काल अधूरे कार्य पूरे करने के निर्देश दिए जाएं जिन ठेकेदारों द्वारा समय पर कार्य नहीं किया जा रहा है, उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जाए
जन चौपाल के दौरान विधायक ने कहा कि जन चौपाल केवल शिकायतें सुनने का मंच नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास एवं समाधान का सशक्त माध्यम है उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए और लोगों की समस्याओं का यथासंभव उसी दिन समाधान करने का प्रयास किया जाए
विधायक ने यह भी कहा कि अब प्रत्येक माह के एक शनिवार को नियमित रूप से जन चौपाल आयोजित की जाएगी, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े उन्होंने यह भी नाराजगी जताई कि जन चौपाल की पर्याप्त जानकारी लोगों तक नहीं पहुंचाई गई, जिसके कारण आम नागरिकों की अपेक्षा अधिकारी-कर्मचारियों की संख्या अधिक दिखाई दी उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि भविष्य में जन चौपाल का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए
बैठक के दौरान विधायक ने सरकारी जमीनों पर भू-माफियाओं की नजर को लेकर भी चिंता व्यक्त की उन्होंने कहा कि शासकीय भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा उन्होंने सिरसौद में लगभग साढ़े सात बीघा शासकीय भूमि को खेल मैदान के लिए आरक्षित करने तथा करैरा मंडी के पीछे खेल मैदान एवं मुक्तिधाम के लिए भूमि आरक्षित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए
जन चौपाल में एसडीएम शिवदयाल धाकड़, तहसीलदार ललित शर्मा, रेंजर लक्ष्मण सिंह मीणा, थाना प्रभारी विनोद छाबई, बीएमओ डॉ. नारायण सिंह कुशवाहा, डॉ. अजय गुर्जर, पीएचई विभाग से हिमांशी गुप्ता, विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे जन चौपाल में प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निराकरण का आश्वासन भी अधिकारियों द्वारा दिया गया.!!

