करैरा में जनकल्याण पखवाड़े का रंग, पर्यावरण की थीम पर सजा शिविर , विधायक रमेश खटीक ने हितग्राहियों को सौंपे स्वीकृति पत्र

  • Share on :

12 से 14 जून तक एक छत के नीचे मिल रहा सभी विभागों की योजनाओं का लाभ ,चित्रकला प्रतियोगिता से बच्चों ने दिया ‘ग्रीन मैसेज’  
हेमंत भार्गव शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ
करैरा । विश्व पर्यावरण दिवस और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश पर करैरा जनपद पंचायत में तीन दिवसीय जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया जा रहा है। 12 जून से शुरू हुए इस शिविर का उद्देश्य विभिन्न ग्राम पंचायतों के वंचित हितग्राहियों को एक ही स्थान पर सभी विभागों की योजनाओं से लाभान्वित करना है।  

जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारंभ  
शिविर का शुभारंभ गुरुवार को जनपद पंचायत अध्यक्ष पुष्पेन्द्र जाटव एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया। शिविर के दूसरे दिन शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक रमेश खटीक मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के तहत चयनित पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए और कहा, "सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। अधिकारी शिविर में आए हर नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुनें।"  

पर्यावरण थीम पर रचनात्मक पहल  
जनपद पंचायत सीईओ हेमन्त सूत्रकार ने बताया कि जनकल्याण पखवाड़े को केवल औपचारिकता न बनाकर जन-जागरूकता से जोड़ा गया है। इसी क्रम में 13 जून को जनपद प्रांगण में स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए ‘पर्यावरण संरक्षण’ थीम पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने रंगों के माध्यम से पेड़ बचाओ, जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त गांव का संदेश दिया। सीईओ ने बताया कि विजेता प्रतिभागियों को शिविर के समापन पर पुरस्कृत किया जाएगा।  

एक ही छत के नीचे सभी विभाग  
शिविर में राजस्व, पंचायत, महिला-बाल विकास, कृषि, सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत सभी विभागों के काउंटर लगाए गए हैं। अधिकारी मौके पर ही हितग्राहियों की पात्रता चिन्हित कर पेंशन, लाड़ली लक्ष्मी, संबल, आयुष्मान, किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ दे रहे हैं।  

शिविर 14 जून तक जारी रहेगा। बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं और मौके पर ही निराकरण से संतुष्ट नजर आ रहे हैं। शिविर में एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper