भाजपा एससी मोर्चा नगर अध्यक्ष नियुक्ति पर उठे सवाल, दीपक वर्मा ने जताई नाराजगी
पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
कांग्रेस से भाजपा में आए भूपेंद्र चौहान को मिली कमान, पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप
इंदौर।:- भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के नगर अध्यक्ष पद की नियुक्ति को लेकर चल रही अटकलों पर संगठन ने विराम लगाते हुए हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए भूपेंद्र चौहान को नगर अध्यक्ष नियुक्त किया है। नियुक्ति के बाद राजनीतिक और संगठनात्मक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
इस नियुक्ति से सबसे अधिक नाराजगी लंबे समय से पार्टी के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे वरिष्ठ कार्यकर्ता दीपक वर्मा ने जताई है। नगर अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे दीपक वर्मा का आरोप है कि वर्षों से संगठन के लिए निष्ठापूर्वक काम करने वाले कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर हाल ही में पार्टी में शामिल हुए व्यक्ति को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपना समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ न्याय नहीं है।
दीपक वर्मा का कहना है कि उन्होंने वर्षों तक पार्टी और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार मेहनत की, लेकिन नियुक्ति में उनकी सेवाओं को नजरअंदाज कर दिया गया। उनका मानना है कि इस तरह के फैसलों से जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं का मनोबल प्रभावित हो सकता है।
वहीं, भाजपा संगठन की ओर से इस नियुक्ति को संगठनात्मक निर्णय बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने की अपील की जा रही है। संगठन का कहना है कि प्रत्येक नियुक्ति संगठन के व्यापक हित और भविष्य की रणनीति को ध्यान में रखकर की जाती है।
अब राजनीतिक हलकों में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या संगठन का यह निर्णय कार्यकर्ताओं की नाराजगी को बढ़ाएगा या फिर सभी कार्यकर्ता संगठन के फैसले को स्वीकार कर एकजुट होकर आगे बढ़ेंगे। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस नियुक्ति का संगठन की आंतरिक राजनीति पर क्या असर पड़ता है और नाराज कार्यकर्ताओं का अगला कदम क्या होगा।

