खार कलां के वार्ड 04 में CC रोड निर्माण पर उठे सवाल, अधूरी सड़क और पूरी राशि के भुगतान का दावा
संवाददाता :- पुनीत सेन
खंडवा। जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम खार कलां के वार्ड नंबर 04 में जमनालाल के घर से दिलीप के घर तक प्रस्तावित CC रोड के निर्माण को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार मौके पर सड़क का निर्माण जितना दिखाई दे रहा है, उसके मुकाबले निर्माण कार्य अधूरा नजर आ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि अभी यह भी स्पष्ट नहीं है कि सरकारी रिकॉर्ड में इस सड़क की कुल स्वीकृत लंबाई कितनी दर्शाई गई है। वहीं आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए स्वीकृत राशि का पूरा भुगतान निकाला जा चुका है, जबकि मौके पर सड़क का निर्माण अधूरा दिखाई दे रहा है।
जमीन की कहानी अलग, कागजों की कहानी अलग?
मौके की तस्वीरें देखकर यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि यदि सड़क का काम पूरा दिखाया गया है, तो जमीन पर निर्माण की स्थिति अलग क्यों नजर आ रही है? क्या माप पुस्तिका (MB) में सड़क का पूरा निर्माण दर्ज है? क्या भुगतान वास्तविक निर्माण के अनुसार हुआ है?
अब प्रशासन के सामने कई सवाल हैं
जमनालाल के घर से दिलीप के घर तक CC रोड की स्वीकृत लंबाई कितनी है?
इस सड़क के लिए कितनी राशि स्वीकृत हुई?
अब तक कितनी राशि का भुगतान निकाला गया?
माप पुस्तिका में कितने मीटर सड़क का निर्माण दर्ज है?
मौके पर वास्तव में कितनी लंबाई की CC रोड बनी है?
क्या निर्माण कार्य पूरा होने से पहले पूरी राशि का भुगतान किया गया?
यदि रिकॉर्ड और मौके की स्थिति में अंतर है तो जिम्मेदारी किसकी तय होगी?
अब जांच की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर सड़क की लंबाई-चौड़ाई की वास्तविक नाप, माप पुस्तिका, स्वीकृति आदेश, लेआउट और भुगतान रिकॉर्ड से मिलान करें। इससे साफ हो सकेगा कि सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज निर्माण और जमीन पर बने निर्माण में कोई अंतर है या नहीं।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस CC रोड की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाता है या फिर अधूरी दिखाई दे रही सड़क इसी तरह पड़ी रहती है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि मामले में निष्पक्ष जांच होगी और यदि रिकॉर्ड एवं मौके की स्थिति में अंतर पाया जाता है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।

