चलित खाद्य प्रयोगशाला और अमले की त्वरित कार्रवाई: धार में मिलावटी दूध व पनीर के 16 विधिक नमूने लिए
संवाददाता दिलीप पाटीदार
धार। कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना के निर्देशानुसार एवं आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्य प्रदेश के मार्गदर्शन में जिले में मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा सरदारपुर और बदनावर तहसीलों के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर दूध और दुग्ध उत्पादों के नमूने एकत्र किए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री आर.जी. मउटा और श्री सुभाष खेड़कर ने अभिहित अधिकारी श्री सचिन लौगरिया के निर्देशन में 27 एवं 28 जुलाई 2026 को सघन जांच अभियान चलाया, जिसके तहत शंका के आधार पर कुल 09 कारोबारियों से 16 विधिक नमूने (Legal Samples) लिए गए।निरीक्षण के दौरान ग्राम बरमंडल (सरदारपुर) स्थित रामधुन दुध डेयरी के दूध कलेक्शन टैंक एवं बीएमसी टैंक से मिश्रित दूध (लूज) का नमूना लिया गया तथा वैध खाद्य लाइसेंस नहीं पाए जाने पर डेयरी को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया गया। इसी क्षेत्र की दुग्ध समिति संस्था मर्यादित से मिश्रित दूध का नमूना लिया गया, जबकि ग्राम लाबरिया स्थित शिवम दुध डेयरी से पनीर और मिश्रित दूध (लूज) के नमूने एकत्र किए गए।
बदनावर शहर में कार्रवाई के दौरान शीतला माता मंदिर बस स्टैंड स्थित ऋषभ दुध डेयरी से भैंस का दूध एवं पनीर (लूज), नाना भाई के नमकीन एंड स्वीट्स से केसर बर्फी (लूज), तथा माही दुध डेयरी से पनीर (लूज) एवं 'सात्विक फ्रेश देशी घी' (5 किलोग्राम पैक खोलकर) का नमूना लिया गया। इसके अतिरिक्त बड़ी चौपाटी (शिक्षक कॉलोनी) स्थित कामधेनू दुध डेयरी एंड बेकरी से दही व मिश्रित दूध के नमूने, तथा छोकला टोल टैक्स के पास स्थित जय श्री महाकाल रेस्टोरेंट और न्यू महाकाल रेस्टोरेंट से मावा, पनीर व जीरा मसाला सोडा (200 मिली पैक) के नमूने जांच हेतु लिए गए।संग्रहित सभी 16 नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है, जहाँ से प्राप्त होने वाली रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 (FSSAI) के प्रावधानों के तहत आगामी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला द्वारा 27 जुलाई को मांगोद में 6 फर्मों से दूध, दुग्ध उत्पादों एवं मिर्च-मसालों के कुल 30 नमूनों की मौके पर जांच की गई; तथा 28 जुलाई को बदनावर क्षेत्र में विभिन्न फर्मों से 31 नमूने लिए गए, जिनमें से 4 नमूने अवमानक स्तर (Substandard) के पाए जाने पर मौके पर ही विधिक नमूना संग्रहण की कार्रवाई सुनिश्चित की गई। जिला प्रशासन की इस प्रकार की सख्त कार्रवाइयों से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

