पनामा पेपर्स बयान पर झुके राहुल गांधी, शिवराज सिंह के बेटे से मानहानि मामले में कोर्ट में जताया खेद

  • Share on :

नई दिल्ली. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आठ साल पुराने मानहानि मामले में बड़ा कदम उठाया है. केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह पर बयान देने के लिए राहुल गांधी ने खेद व्यक्त किया है. राहुल की तरफ से इस संबंध में कोर्ट में लिखित रूप से आवेदन दिया गया है. 
यह पूरा मामला केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान द्वारा दायर मानहानि के परिवाद से जुड़ा हुआ है. अब इसे केस में हाईकोर्ट की जस्टिस प्रमोद कुमार अग्रवाल की एकलपीठ गुरुवार को अहम सुनवाई करने जा रही है. 
मामले की सुनवाई शुरू होने से पहले राहुल के वकील ने कोर्ट के सामने स्पष्ट किया कि वह बयान पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के परिवार के खिलाफ नहीं था, बल्कि इसे लेकर केवल एक गलतफहमी हुई थी.राहुल की इस सफाई और लिखित आवेदन पर हाईकोर्ट ने शिकायतकर्ता कार्तिकेय चौहान से जवाब लिखित प्रतिक्रिया देने को कहा है.
मध्य प्रदेश के 2018 विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान झाबुआ में राहुल गांधी ने पनामा पेपर्स लीक का जिक्र करते हुए पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान का नाम लिया था. कार्तिकेय सिंह चौहान ने भोपाल की विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट में परिवाद दायर कर कहा था कि इस बयान से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरी क्षति पहुंची है. 
एमपी-एमएलए कोर्ट ने मामले पर संज्ञान लेते हुए राहुल गांधी को व्यक्तिगत रूप से 25 जून को कोर्ट में पेश होने के लिए समन जारी किया था, जिससे छूट पाने के लिए कोर्ट में अंतरिम आवेदन लगाया था. बुधवार को इस पर आंशिक सुनवाई के बाद कोर्ट ने विस्तृत सुनवाई के लिए गुरुवार की तारीख तय की है. 
बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान राहुल गांधी की ओर से अदालत के समक्ष दस्तावेज पेश किए गए.  मानहानि का केस मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में चल रहा है, जिसमें उस समय बड़ा मोड़ आया, जब राहुल गांधी की तरफ से खेद व्यक्त किया गया.राहुल गांधी तरफ से हाईकोर्ट में एक लिखित आवेदन प्रस्तुत कर अपने बयान पर सफाई दी गई. 
राहुल गांधी की तरफ से पेश आवेदन में कहा गया है कि उन्हें अपने उस बयान पर खेद है, लेकिन साथ ही यह स्पष्टीकरण भी दिया गया कि उनका वह बयान शिकायतकर्ता (कार्तिकेय चौहान) के संबंध में नहीं था. राहुल गांधी की सफाई और लिखित आवेदन पर कोर्ट ने शिकायतकर्ता और शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय चौहान से जवाब मांगा है. कोर्ट ने कार्तिकेय चौहान से इस आवेदन पर अपनी लिखित प्रतिक्रिया देने को कहा है.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper