सिंधिया रियासत में बना रेलवे का पुल हुआ धराशायी, पांच मजदूर घायल

  • Share on :

मुरैना। मुरैना जिले के जौरा थाना क्षेत्र के सिकरौदा गांव के पास सिंधिया रियासत के जमाने में बना रेलवे का पुल धराशाई हो गया। मजदूर इस नैरो गेज पुल को हटाने का काम कर रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया। हादसे के दौरान पुल पर करीब 10 मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से पांच घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को इलाज के लिए जौरा अस्पताल में भर्ती कराया, प्राथमिकी उपचार के बाद सभी को मुरैना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। 
जानकारी के अनुसार मंगलवार को पुल को हटाने का काम चल रहा था। मजदूर एक साइड से पुल काटकर हटा रहे थे, इस दौरान वह धंसक गया। बता दें कि नैरो गेज ट्रेन की जगह चंबल अंचल में ब्रॉडगेज की सुविधा जौरा से ग्वालियर के लिए कर दी गई है, जिसके कारण यह पुल अनुपयोगी हो गया था। जिसके चलते इसे हटाने का काम किया जा रहा था। पुल पर काम कर रहे एक मजदूर अजमेर खां ने बताया कि काटते समय अचानक पुल टूट गया। हादसे में 5 मजदूर घायल हो गए, जिनमें 3 को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में इकबाल, फिरोज, सुभराती, भोला और लालू शामिल हैं। 
जौरा थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव ने बताया कि सिकरौदा गांव के पास सोन नदी पर बने पुल को काटते समय यह घटना हुई है। कोटा के एक ठेकेदार ने पुल खरीदा था जिसे हटाने का काम किया जा रहा था और इसी दौरान हादसा हो गया।  
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper