मध्य प्रदेश में बारिश का अलर्ट

  • Share on :

भोपाल। मध्यप्रदेश में इन दिनों जमकर ठंड पड़ रही है। इस बीच, अब बारिश होने की आशंका भी जताई जाने लगी है। ग्वालियर, भिंड, शिवपुरी और दतिया में बारिश हो सकती है। श्योपुर और मुरैना में आंधी चलने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग ने इसके लिए अलर्ट जारी कर दिया है।
अगले 2 दिन भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत एमपी के आधे हिस्से में बारिश होने की संभावना है। बारिश के दौरान गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है। वहीं, 17 जनवरी से तेज ठंड का दौर फिर शुरू हो जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण मौसम बदलेगा।
बुधवार को भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में ठंड ने लोगों का कंपकंपाया। भोपाल में सुबह 10 बजे तक तेज धूप नहीं खिली। रीवा, मैहर, सतना, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली समेत 34 जिलों में कोहरा छाया रहा। दोपहर को हल्की धूप दिखी, जिससे तापमान में भी बढ़ोतरी दिखी। हालांकि रात होते-होते फिर ठंड तेज हो गई।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर बनी चार मौसम प्रणालियों के असर से हवाओं के साथ नमी आ रही है। बुधवार को प्रदेश में मैदानी क्षेत्र में सबसे कम 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान उमरिया में दर्ज किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस पर रहा।
वहीं, 11 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम पर रहा। उत्तर भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम (12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिम से पूर्व की तरफ 287 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाओं का चलना) बना हुआ है।
साभार नवभारत टाइम्स 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper