24 घंटों में देशभर में बारिश ने मचाई भारी तबाही , 11 से अधिक मौतें, झारखंड में रेड अलर्ट

  • Share on :

नई दिल्ली। भारी बारिश ने पिछले 24 घंटों में देशभर में भारी तबाही मचाई है। जम्मू-कश्मीर और तमिलनाडु समेत देश के कई हिस्सों में भारी बारिश से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 11 लोगों की मौत हुई है और कई घायल हुए हैं। सबसे ज्यादा नुकसान झारखंड में हुआ, जहां पांच लोगों की जान गई। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान में दो-दो लोगों की मौत हुई है। जबकि तमिलनाडु में बिजली गिरने से एक और उत्तराखंड में एक महिला की मौत हुई है। मौसम विभाग ने झारखंड के पलामू, गढ़वा और चतरा जिलों में आज भी भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश में एक राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई सड़कें बंद कर दी गई हैं। प्रदेश इस मानसून सीजन में बादल फटने की कई घटनाओं का दंश झेल चुका है। वहीं, राजस्थान में मूसलाधार बारिश ने कहर बरपाया है। इसके अलावा, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में भी शनिवार को भारी बारिश हुई। 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को भी गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अधिकारियों के मुताबिक, उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के स्यानाचट्टी में मलबे के कारण यमुना नदी का प्रवाह बाधित होने से बनी कृत्रिम झील का जलस्तर लगभग 12 फीट कम हो गया है। बृहस्पतिवार को भारी बारिश के कारण पहाड़ियों से पत्थर गिरे और मलबे से नदी का प्रवाह अवरुद्ध हो गया, जिससे एक अस्थायी झील बन गई।
अधिकारियों ने बताया कि झारखंड में भारी बारिश के कारण पांच लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति लापता हो गया। जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। सरायकेला-खरसावां जिले में एक घर ढहने से मां-बेटे की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। खरसावां में दीवार गिरने से 5 साल के बच्चे की मौत और तीन लोग घायल हो गए। वहीं, चतरा जिले में नदी में बहन से पति की मौत हो गई और पत्नी लापता है। इसके अलावा, पत्थलगड़ा प्रखंड में बारिश से जुड़े हादसे में एक और मौत हुई। 
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper