"रंग कला" पेंटिंग एवं रंगोली प्रतियोगिता का होगा आयोजन

  • Share on :

दिव्यानंद अर्गल 
ग्वालियर। भारतीय कलाकार संघ ग्वालियर एवं बेताल केन आर्ट ग्रुप्स ऑफ ग्वालियर के संयुक्त तत्वावधान में कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से "रंग कला" पेंटिंग एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों, युवाओं एवं उभरते कलाकारों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता को विभिन्न आयु वर्गों के अनुसार विभाजित किया गया है। 5 से 12 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी अपनी कल्पना के अनुसार किसी भी विषय पर चित्रकारी कर सकेंगे। 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के लिए "नारी शक्ति" विषय निर्धारित किया गया है, जबकि 18 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागी "दहेज प्रथा"  विषय पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए मात्र 10 रुपये पंजीयन शुल्क निर्धारित किया गया है, जिससे अधिक से अधिक प्रतिभागी इसमें शामिल हो सकें। इच्छुक प्रतिभागी पोस्टर पर उपलब्ध क्यूआर कोड अथवा व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
भारतीय कलाकार संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं में कला के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ सामाजिक विषयों पर रचनात्मक अभिव्यक्ति को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी कलाकारों, विद्यार्थियों एवं कला प्रेमियों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper