रंगनाथनगर पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 9 हजार नाइट्राजेपाम गोलियां जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

  • Share on :

कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर 
कटनी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रंगनाथनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 9 हजार नाइट्राजेपाम (नाइट्रोवेट) टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद नशीली गोलियों की बाजार कीमत करीब 2.25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक  शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना रंगनाथनगर पुलिस द्वारा लगातार नशे के अवैध कारोबार पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी क्रम में 1 अगस्त को पेट्रोलिंग के दौरान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री ग्राउंड के पीछे दो संदिग्ध युवक प्लास्टिक की बोरी लेकर जाते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम पंकज उर्फ देवा मिश्रा (38) एवं देवा कोल (21) निवासी बरगवां, थाना रंगनाथनगर बताए। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 30 पैकेटों में रखी 9 हजार नाइट्राजेपाम टैबलेट बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार इन गोलियों का उपयोग नशे के लिए किया जाता है।
पुलिस ने जब्त नशीली दवाओं का कुल वजन 5.760 किलोग्राम बताया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गोलियां खरीदकर लाने की बात स्वीकार की है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक इसकी आपूर्ति की जानी थी।
30 पैकेट नाइट्राजेपाम (नाइट्रोवेट) टैबलेट कुल 9,000 गोलियां वजन 5.760 किलोग्रा अनुमानित बाजार मूल्य 2.25 लाख रुपये रंगनाथनगर पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरुणपाल सिंह सहित थाना स्टाफ एवं साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper