बहुचर्चित हत्याकांड में रवि यादव और राहुल यादव दोषमुक्त

  • Share on :

पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। पालदा स्थित श्रीजी फैक्ट्री में वर्ष 2022 में हुए विवाद और हत्या के बहुचर्चित मामले में न्यायालय ने मुख्य आरोपी रवि यादव एवं राहुल यादव को दोषमुक्त कर दिया है। मामले में बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता सी.के. उपाध्याय ने पैरवी की।

अभियोजन के अनुसार, थाना भंवरकुआं क्षेत्र के पालदा स्थित श्रीजी फैक्ट्री में काम करने वाले शिवांश यादव का फैक्ट्री के सुपरवाइजर से विवाद हुआ था। इसके बाद शिवांश द्वारा अपने भाइयों रवि यादव और राहुल यादव को फैक्ट्री बुलाए जाने की बात सामने आई। आरोप था कि दोनों अपने अन्य साथियों के साथ फैक्ट्री पहुंचे, जहां विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आए दीपक पिता तुलसीराम और अमित राय पर चाकू एवं गुप्ती से हमला किया गया। घटना में दीपक की मृत्यु हो गई थी, जबकि अमित राय घायल हुए थे।

घटना के बाद भंवरकुआं पुलिस ने अपराध क्रमांक 216/2022 दर्ज करते हुए भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 147, 148, 149, 450, 307 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत प्रकरण दर्ज किया था। मामले की सुनवाई सत्र प्रकरण क्रमांक 485/2022 के रूप में हुई।

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों, दस्तावेजों और अधिवक्ता द्वारा न्यायालय के समक्ष रखे गए तर्कों एवं तथ्यों पर विचार करने के बाद अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सुनील अहिरवार की अदालत ने 16 सितंबर 2026 को रवि यादव एवं राहुल यादव को दोषमुक्त करने का निर्णय सुनाया।

बचाव पक्ष के अधिवक्ता सी.के. उपाध्याय के अनुसार, प्रकरण की पैरवी के दौरान सी एंड एस एसोसिएट से जुड़े अधिवक्ताओं एवं इंटर्न्स ने भी मामले की तैयारी और संचालन में मेहनत एवं लगन से कार्य किया।

पालदा श्रीजी फैक्ट्री हत्याकांड में बड़ा फैसला, दो मुख्य आरोपी रवि-राहुल यादव दोषमुक्त

श्रीजी फैक्ट्री हत्याकांड | न्यायालय का फैसला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper