रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन: अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 में भारत का दबदबा बरकरार, 7 विकेट से जीता दूसरा मैच

  • Share on :

नई दिल्ली। भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को दूसरे टी20 मुकाबले में सात विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। अफगानिस्तान ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 159 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 14.5 ओवर में तीन विकेट पर 163 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। भारत के लिए इस मैच में जहां नीतीश रेड्डी ने गेंदबाजी में प्रभावित किया, वहीं, सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने फॉर्म में वापसी करते हुए अर्धशतक लगाया।
भारत ने अभी तक टी20 इतिहास में अफगानिस्तान के खिलाफ कोई मैच नहीं गंवाया है। भारत ने दबदबा बरकरार रखते हुए अफगानिस्तान के खिलाफ लगातार 10वां टी20 मुकाबला जीता। ये टी20 में भारत के खिलाफ किसी टीम की लगातार सर्वाधिक हार है। अफगानिस्तान ने इस मामले में बांग्लादेश को पीछे छोड़ा। बांग्लादेश ने 2019 से 2025 के बीच भारत के खिलाफ लगातार नौ मैच गंवाए थे। 
लक्ष्य का पीछा करते हुए सैमसन और अभिषेक ने टीम इंडिया को मजबूत शुरुआत दिलाई। सैमसन पिछले मैच में सस्ते में आउट हुए थे। वैभव सूर्यवंशी को बैठाकर उन्हें मौका देने पर सवाल खड़े किए जा रहे थे, लेकिन सैमसन ने एशियाई खेलों से ठीक पहले फॉर्म में वापसी की और भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। सैमसन ने धीमी शुरुआत की थी और आठ गेंदों पर 10 रन बनाए थे, लेकिन इसके बाद उन्होंने गियर बदला और तेजी से खेलना शुरू किया। सैमसन ने 20 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। सैमसन और अभिषेक के बीच पहले विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी हुई जिसे राशिद ने अभिषेक को आउट कर तोड़ा। 
अभिषेक के आउट होने के बाद सैमसन ने अर्धशतक पूरा किया, लेकिन इसके बाद उन्हें भी राशिद ने अपना शिकार बनाया। फिर कप्तान श्रेयस अय्यर राशिद का तीसरा शिकार बने। हालांकि, ईशान किशन और तिलक वर्मा ने भारत को जीत दिलाने की औपचारिकता पूरी की। भारत के लिए सैमसन ने 22 गेंदों पर सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 57 रन बनाए। वहीं, अभिषेक ने 39 और कप्तान श्रेयस ने 11 रन बनाए। ईशान किशन 23 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 38 और तिलक वर्मा ने 14 गेंदों पर एक चौके की मदद से नाबाद 15 रन बनाए। अफगानिस्तान के लिए तीनों विकेट राशिद खान ने लिए।
इससे पहले, भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अर्शदीप सिंह ने रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट कर अफगानिस्तान को पहला झटका दिया। पहला ओवर डालने आए जसप्रीत बुमराह ने दबाव बनाया और मेडन ओवर डाला। इसके बाद अर्शदीप भी अच्छी गेंदबाजी कर रहे थे। गुरबाज पर दबाव बढ़ा और उन्होंने शॉट लगाया, लेकिन गेंद हवा में टंग गई और रवि बिश्नोई ने आसान सा कैच पकड़ा। सलामी बल्लेबाज जादरान ने जसप्रीत बुमराह पर लगातार दो चौके मारे और फिर अर्शदीप पर भी लगातार दो चौके जड़े। सेदिकुल्लाह अटल ने भी अर्शदीप पर चौका जड़ा। जादरान ने स्पिनरों अक्षर पटेल और बिश्नोई का स्वागत चौकों के साथ किया।
अक्षर और बिश्नोई ने रन गति पर अंकुश लगाया जिसका फायदा नीतीश रेड्डी को मिला जिन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर जादरान को डीप मिडविकेट पर बिश्नोई के हाथों कैच करा दिया। उन्होंने 33 गेंद का सामना करते हुए छह चौके मारे। अफगानिस्तान की बल्लेबाजी कुछ खास नहीं रही और बल्लेबाजों के छिटपुट योगदान से टीम सम्मानजनक स्कोर बना सकी। अफगानिस्तान के लिए कोई बल्लेबाज अर्धशतक भी नहीं लगा सका। भारत के लिए शिवम दुबे को छोड़कर बाकी हर गेंदबाजी को सफलता मिली। 
अफगानिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन कप्तान इब्राहिम जादरान ने बनाए जो 33 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। उनके अलावा राशिद खान ने 28, डारविश रसूली ने 26, मोहम्मद नबी ने 20, सेदिकुल्लाह अटल ने 12, अजमातुल्लाह ओमरजई ने 11 और गुलबदिन नईब ने 10 रन बनाए। नूर अहमद नाबाद सात और मुजीब उर रहमान चार रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए नीतीश कुमार रेड्डी ने तीन विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह को दो सफलता मिली। वहीं, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और रवि बिश्नोई को एक-एक सफलता मिली।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper