प्रतिष्ठित उद्योगपति मुकेश गुप्ता पर जानलेवा हमला, कार में तोड़फोड़

  • Share on :

कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर 
कटनी।   गुप्ता गैस एजेंसी के संचालक और शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपति मुकेश गुप्ता पर दबंगों  ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने न सिर्फ उद्योगपति के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उनकी कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर  माधवनगर थाने पहुंचे, जहां पुलिस मामले की जांच और प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
जमीन देखने गए थे उद्योगपति, घात लगाकर बैठे थे 40 युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उद्योगपति मुकेश गुप्ता के स्वामित्व वाली एक कीमती जमीन विश्राम बाबा के पास स्थित है। आज सुबह जब वे अपनी कार से इस जमीन का मुआयना करने पहुंचे, तो वहां पहले से ही करीब आधा सैकड़ा (50) युवक लाठी-डंडों से लैस होकर घात लगाए बैठे थे।
मुकेश गुप्ता ने बताया कि जैसे ही उनकी कार वहां रुकी, लाठी-डंडों से लैस युवकों ने अचानक उन पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने सबसे पहले कार के कांच फोड़ दिए और जैसे ही मुकेश गुप्ता गाड़ी से बाहर निकले, उनके साथ सीधे हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी गई।
जान बचाकर भागे, माधवनगर थाने में दी सूचना
इस अप्रत्याशित और हिंसक हमले में मुकेश गुप्ता को कई गंभीर (सांघातिक) चोटें आई हैं। वे हमलावरों के चंगुल से किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहे और सीधे माधवनगर थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन को घटना की पूरी आपबीती सुनाई है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस द्वारा इस मामले में गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जा रही है।
विवाद के पीछे भाजपा नेता का हाथ होने की आशंका!
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे खूनी खेल के पीछे जमीन पर कब्जे का विवाद बताया जा रहा है। चर्चा है कि उद्योगपति मुकेश गुप्ता की इस निजी भूमि को लेकर एक स्थानीय भाजपा नेता से विवाद चल रहा है। आरोप है कि इसी विवाद के चलते वहां पहले से मौजूद 40 से अधिक असामाजिक तत्वों को इकट्ठा कर उद्योगपति पर यह जानलेवा हमला सुनियोजित तरीके से करवाया गया।
व्यापारियों में आक्रोश
मुकेश गुप्ता की गिनती शहर के बेहद सरल, शांत और शालीन स्वभाव के व्यवसायियों में होती है। दिनदहाड़े एक प्रतिष्ठित व्यापारी पर इस तरह खुलेआम हुई गुंडागर्दी और जानलेवा हमले की खबर फैलते ही कटनी के व्यापारिक समुदाय में तीव्र आक्रोश व्याप्त हो गया है। शहर के व्यापारियों ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपियों और इसके पीछे शामिल मुख्य चेहरों के खिलाफ तत्काल और सख्त  कार्रवाई की मांग की है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper