हिट एंड रन के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से करें निराकरण, पीड़ितों को समय पर मिले राहत राशि – अपर कलेक्टर मीना मेसराम
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। अपर कलेक्टर श्रीमती मीना मेसराम ने आज कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार में हिट एंड रन से संबंधित लंबित आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हिट एंड रन के प्रकरणों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि दुर्घटना से प्रभावित पीड़ितों एवं उनके परिजनों को शासन के प्रावधानों के अनुसार समय पर राहत राशि उपलब्ध हो सके।अपर कलेक्टर श्रीमती मेसराम ने कहा कि ऐसे प्रकरणों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। प्रकरणों के निराकरण के लिए आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति समय-सीमा में कराई जाए। पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि दस्तावेजों के अभाव अथवा प्रक्रियात्मक देरी के कारण पीड़ितों को राहत प्राप्त करने में परेशानी न हो।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी ने थाना-वार लंबित प्रकरणों की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि हिट एंड रन के मामलों में आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज संबंधित वरिष्ठ कार्यालयों को भेजने के साथ ही उनके निराकरण की निरंतर फॉलोअप भी लिया जाए। प्रकरणों की प्रगति पर नजर रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी मामला अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्री नितिन जैन, तहसीलदार शहरी श्रीमती प्रीति पंथी, तहसीलदार ग्रामीण श्रीमती निधि लोधी सहित विदिशा शहरी एवं देहात थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

