वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को बूथ से पंचायत स्तर तक पहुंचाने का संकल्प
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। जिला कांग्रेस की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक बालासाहेब थोरात सहित वरिष्ठ नेताओं ने किया मंथन, लोकतंत्र की रक्षा के लिए 1 नवंबर को दिल्ली में सड़क से सदन तक संघर्ष का ऐलान विदिशा वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के अंतर्गत जिला कांग्रेस कार्यकारणी एवं समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक जालोरी गार्डन में सम्पन्न हुई, बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के केंद्रीय पर्यवेक्षक, कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के सदस्य एवं महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री बालासाहेब थोरात विशेष रूप से शामिल हुए।
बैठक में आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस की महारैली में जिले से अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे तथा वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान को ब्लॉक, पंचायत और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया बैठक में भोपाल संभाग प्रभारी एवं विधायक रजनीश सिंह, जिला कांग्रेस संगठन प्रभारी राजेश रघुवंशी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी विशेष रूप से उपस्थित रहे। वोट चोरी लोकतंत्र के लिए गंभीर चुनौती : बाला साहेब थोरात बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय पर्यवेक्षक बाला साहेब थोरात ने कथित वोट चोरी को लोकतंत्र के लिए गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि मताधिकार की रक्षा और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को केवल राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि इसे आम नागरिकों के अधिकारों से जोड़कर जन-जन तक पहुंचाएं।
मध्य प्रदेश में SIR के आंकड़े, मतदाता सूची में बड़े बदलाव
श्री थोरात ने आरोप लगाया की मध्य प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची से संबंधित प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार, SIR से पहले प्रदेश में 5,74,06,143 मतदाता पंजीकृत थे। प्रारूप मतदाता सूची में यह संख्या 5,31,31,983 रही, जबकि अंतिम मतदाता सूची में 5,39,81,065 मतदाता दर्ज किए गए। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान कुल 34,25,078 नाम हटाए जाने की जानकारी सामने आई। भोपाल संभाग प्रभारी विधायक रजनीश सिंह ने संगठन की समसामयिक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की, श्री सिंह ने कहा कि SIR और मतदाता अधिकारों पर गांव गांव अभियान चलाने पर जोर दिया, जिला कांग्रेस संगठन प्रभारी राजेश रघुवंशी ने पायलेट प्रोजेक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन पर अपने विचार रखे और संगठनात्मक गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, एकजुटता और जिम्मेदारी के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित महारैली में जिले से प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना सभी कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने महारैली को लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए चल रहे संघर्ष में महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। कांग्रेस प्रवक्ता सुशील शर्मा ने बताया कि बैठक में पूर्व विधायकगण, कांग्रेस समर्थित जनप्रतिनिधि, प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्षगण, मंडलम अध्यक्षगण, मोर्चा संगठनों के पदाधिकारी, एवं जिला कांग्रेस पदाधिकारी सहित वरिष्ठ नेतागण शामिल हुए।

