खकनार तहसील में जनगणना कार्य की समीक्षा बैठक, उत्कृष्ट कर्मचारियों का हुआ सम्मान

  • Share on :

भोपाल से पहुंचे जनगणना अधिकारी विनय श्रीवास्तव ने तहसील क्षेत्र में चल रहे जनगणना कार्यों का निरीक्षण किया 
महेन्द्र मालवीय रणजीत टाईम्स
बुरहानपुर,डोईफोडिया : आगामी जनगणना कार्य को लेकर खकनार तहसील में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भोपाल से पहुंचे जनगणना अधिकारी विनय श्रीवास्तव ने तहसील क्षेत्र में चल रहे जनगणना कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जनगणना कार्य की प्रगति, आंकड़ों की शुद्धता तथा समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने पर विशेष चर्चा की गई।
बैठक के दौरान विनय श्रीवास्तव ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े एकत्र करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की आधारशिला है। सही एवं सटीक जानकारी के आधार पर ही सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा अन्य योजनाओं की रूपरेखा तैयार करती है। उन्होंने सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों से पूरी जिम्मेदारी एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपील की।
इस अवसर पर उन सुपरवाइजर एवं प्रगणकों को सम्मानित किया गया जिन्होंने जनगणना कार्य में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करते हुए उत्कृष्ट कार्य किया। सम्मानित होने वालों में विजय सारथे और अर्जुन सिंह राठौर प्रमुख रहे। अधिकारियों ने उनके कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कर्मचारी अन्य लोगों के लिए प्रेरणा हैं।
बैठक में चार्ज अधिकारी जितेंद्र अलावा एवं सहायक चार्ज अधिकारी रविन्द्र सिंह मंडलोई भी मौजूद रहे। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे जनगणना कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि टीम लगातार घर-घर पहुंचकर जानकारी एकत्र कर रही है और कार्य को तय समय में पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में उपस्थित सुपरवाइजरगण एवं प्रगणकों को जनगणना से संबंधित तकनीकी पहलुओं, डेटा संकलन की प्रक्रिया और रिकॉर्ड की शुद्धता बनाए रखने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि से बचते हुए कार्य को पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि खकनार तहसील जनगणना कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगी। बैठक में बड़ी संख्या में सुपरवाइजर, प्रगणक एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper