सचिन सोलंकी बने थाटीपुर ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष
दिव्यानंद अर्गल
ग्वालियर । ग्वालियर जिले में संगठन विस्तार की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी की मंशा और राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की प्रदेश अध्यक्ष मोना कौरव व ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ विधायक डॉ. सतीश सिकरवार की सहमति और अनुशंसा पर ब्लॉक स्तर पर महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं। संगठन द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, ग्वालियर पूर्व विधानसभा के अंतर्गत आने वाले थाटीपुर ब्लॉक के अध्यक्ष पद पर सचिन सोलंकी को नियुक्त किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने सोलंकी की सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। विधायक डॉ. सिकरवार ने इस नियुक्ति पर विश्वास जताया है कि नवनियुक्त पदाधिकारी क्षेत्र में कांग्रेस की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करेंगे। वहीं सचिन सोलंकी आगामी समय में संगठन को धरातल पर और अधिक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ कांग्रेस की रीति-नीति को आगे बढ़ाने और संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का प्रयास करेंगे।

