सहजयोग : प्राकृतिक सामंजस्य व अनुशासन के सौंदर्य का संगम

  • Share on :

श्री माताजी ने सहजयोग के मार्ग में अनुशासन के एक अत्यंत गहरे और सुंदर स्वरूप की ओर हमारा ध्यान आकर्षित किया है। सामान्यतः अनुशासन को हम बाहरी नियमों, सीमाओं और व्यवहार से जोड़कर देखते हैं। लेकिन सहजयोग का अनुशासन किसी बाहरी दबाव से नहीं आता। यह भीतर से जागता है—आत्मा की जागृति के साथ स्वाभाविक रूप से विकसित होता है।
श्री माताजी कहती हैं, “आपको अपनी डिसिप्लीन अपने अंदर करनी है। सहजयोग का अपना अंदरूनी डिसिप्लीन है, उसकी अपनी डिसिप्लीन अंदर से आने दो, अंदर से उसे जागने दो।” यह बात सहजयोग के मूल सिद्धांत को स्पष्ट करती है कि साधक को स्वयं पर अनावश्यक बंधन लगाने की आवश्यकता नहीं है। जब भीतर की चेतना जागृत होती है, तो वही हमें सही और गलत का सहज बोध देती है। धीरे-धीरे हमारा व्यवहार, विचार और जीवन उसी आंतरिक जागरूकता के अनुरूप ढलने लगता है।सहजयोग का अर्थ केवल ध्यान करना या कुछ विशेष अभ्यास करना नहीं है। यह अपने भीतर स्थापित उस सूक्ष्म व्यवस्था को पहचानना और उसके साथ सामंजस्य स्थापित करना है। श्री माताजी हमें सिखाती हैं कि “उसके डिसिप्लीन में उतरना सीखो, उसके इशारे, उसके क्षेत्र में बँधना सीखो।” अर्थात हमें अपनी मनमानी से जीवन को चलाने के बजाय उस सूक्ष्म व्यवस्था को अनुभव करना सीखना है, जो हमारे भीतर और समस्त सृष्टि में कार्यरत है।
प्रकृति को देखें तो हर चीज़ एक निश्चित लय और व्यवस्था में चलती है। सूर्य का उदय और अस्त होना, ऋतुओं का परिवर्तन, वृक्षों का बढ़ना और पृथ्वी पर जीवन का संतुलन—इन सबमें एक अद्भुत सामंजस्य दिखाई देता है। श्री माताजी इसी ओर संकेत करते हुए कहती हैं कि संसार का एक पत्ता भी उस महान अनुशासन के बिना नहीं चल सकता। जब हम इस व्यवस्था के साथ Harmonise करना सीखते हैं, तो जीवन में संघर्ष कम होने लगता है और सहजता बढ़ने लगती है।
सच्चा अनुशासन वही है जिसमें भीतर कोई संघर्ष न हो। जब कोई कार्य केवल इसलिए किया जाए क्योंकि वह भीतर से सहज और सही महसूस होता है, तब अनुशासन बोझ नहीं रहता। वह जीवन की स्वाभाविक लय बन जाता है। यही सहजयोग की विशेषता है यह हमें कठोर बनने के लिए नहीं, बल्कि भीतर से संतुलित, शांत और सहज बनने के लिए प्रेरित करता है।
सहजयोग की प्रत्येक गति में इसलिए सौन्दर्य होना चाहिए। हमारे विचारों में, व्यवहार में, संबंधों में और दैनिक जीवन में वह सुंदरता दिखाई देनी चाहिए जो भीतर की शांति से उत्पन्न होती है। यह सौन्दर्य केवल बाहरी रूप नहीं, बल्कि हमारे अस्तित्व की स्वाभाविक गरिमा है। अंततः श्री माताजी का संदेश हमें स्मरण कराता है कि सहजयोग कोई साधारण उपलब्धि नहीं, बल्कि एक “बहुत ही अनमोल चीज़” है। इसे पाने का मार्ग बाहरी प्रदर्शन नहीं, बल्कि भीतर जागने, उस सूक्ष्म अनुशासन को स्वीकार करने और परम व्यवस्था के साथ पूर्ण सामंजस्य स्थापित करने में है। सहज योग निशुल्क भी है और आसान भी सहजयोग ध्यान केंद्र की जानकारी टोल फ्री नंबर 1800 2700 800 अथवा www.sahajayoga.org.in  से प्राप्त कर सकते हैं।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper