आत्मनियंत्रण विकसित करने में समर्थ बनाता है सहजयोग
डिजिटल एडिक्शन को नियंत्रित करने में सहायक है सहजयोग ध्यान
आज के डिजिटल युग में मोबाइल फोन हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गया है। संचार, शिक्षा, मनोरंजन और कार्य के लिए मोबाइल उपयोगी है, लेकिन इसका अत्यधिक और अनियंत्रित उपयोग धीरे-धीरे एक गंभीर समस्या का रूप ले सकता है। लगातार स्क्रीन पर समय बिताने से नींद में कमी, आंखों में थकान, सिरदर्द, मानसिक तनाव, चिड़चिड़ापन और एकाग्रता में कमी जैसी परेशानियां सामने आ सकती हैं। बच्चों और युवाओं में मोबाइल के प्रति बढ़ती निर्भरता उनके अध्ययन, व्यवहार और सामाजिक विकास को भी प्रभावित कर सकती है।
ऐसे समय में श्री माताजी निर्मला देवी द्वारा प्रदत्त सहजयोग ध्यान मानसिक संतुलन और आत्मनियंत्रण विकसित करने का एक सरल एवं सहज माध्यम हो सकता है। सहजयोग का उद्देश्य व्यक्ति को अपने भीतर शांति और संतुलन की अनुभूति कराना है। नियमित ध्यान के माध्यम से व्यक्ति अपने विचारों और भावनाओं के प्रति अधिक सजग होना सीखता है तथा वर्तमान क्षण में रहना आसान होता है।
चिंता और मानसिक विचलन से मुक्ति
मोबाइल और सोशल मीडिया का लगातार उपयोग मन को बार-बार एक गतिविधि से दूसरी गतिविधि की ओर ले जाता है। इससे मानसिक एकाग्रता प्रभावित हो सकती है। सहजयोग ध्यान में निर्विचार अवस्था का अभ्यास किया जाता है, जिससे व्यक्ति अनावश्यक विचारों और मानसिक तनाव से स्वयं को अलग करना सीखता है। नियमित ध्यान मन को शांत करने और जीवन में अधिक जागरूकता लाने में सहायक हो सकता है।
आदतों पर नियंत्रण की दिशा में कदम
किसी भी आदत को संतुलित करने के लिए आत्म-जागरूकता और इच्छाशक्ति महत्वपूर्ण होती है। सहजयोग में ध्यान के माध्यम से व्यक्ति अपने भीतर की स्थिति को समझने और आत्मनियंत्रण विकसित करने में समर्थ होता है। जिससे वह मोबाइल उपयोग के लिए समय-सीमा निर्धारित करना, सोने से पहले स्क्रीन से दूरी बनाना और समय-समय पर डिजिटल डिटॉक्स अपनाने जैसे उपायों को सहजता से अपना लेता है।
सहजयोग केवल मोबाइल के अत्यधिक उपयोग को नियंत्रित करने तक सीमित नहीं है। नियमित ध्यान मानसिक शांति, एकाग्रता और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने में सहायक होता है। युवाओं व किशोरों को इसके साथ रचनात्मक गतिविधियों जैसे संगीत, नृत्य, चित्रकला और लेखन में रुचि विकसित करने तथा प्रकृति के साथ जुड़ने की प्रेरणा भी मिलती है।
सहजयोग ध्यान नि:शुल्क है। सहजयोग के बारे में अधिक जानकारी हेल्पलाइन नंबर 18002700800 अथवा www.sahajayoga.org.in से प्राप्त कर सकते हैं।

