वंदे भारत एक्सप्रेस में मिलेगी सांची की बायोमैजिक दही
इंदौर-नागपुर रूट पर आपूर्ति शुरू, अन्य ट्रेनों में भी जल्द होगी उपलब्ध
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। मध्य प्रदेश के प्रतिष्ठित सहकारी दुग्ध ब्रांड सांची के उत्पाद अब वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्रियों को भी उपलब्ध होंगे। इंदौर सहकारी दुग्ध संघ (मर्या.) ने सोमवार से इंदौर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में सांची बायोमैजिक दही (Biomagic Curd) की आपूर्ति शुरू कर दी है। यात्रियों को यह उत्पाद वृंदावन फूड प्रोडक्ट के माध्यम से परोसा जाएगा।
संघ के अधिकारियों के अनुसार यह पहल केवल एक ट्रेन तक सीमित नहीं रहेगी। आने वाले समय में राजधानी एक्सप्रेस सहित अन्य प्रमुख यात्री ट्रेनों में भी सांची के दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए रेल प्रशासन से चर्चा जारी है।
सांची ब्रांड प्रदेश के दुग्ध उत्पादक किसानों से सीधे दूध खरीदकर उच्च गुणवत्ता वाले दुग्ध उत्पाद तैयार करता है और उन्हें शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाता है। वर्तमान में प्रदेश के सभी सहकारी दुग्ध संघों का संचालन राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के प्रबंधन में किया जा रहा है।
इंदौर सहकारी दुग्ध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि यह उपलब्धि संघ के विपणन क्षेत्र में किए गए लगातार प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सहकारी उत्पाद उपलब्ध कराना संघ की प्राथमिकता है और भविष्य में अन्य ट्रेनों में भी सांची उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

