विश्व पर्यावरण दिवस पर सफाई मित्रों का किया सम्मान
दिव्यानंद अर्गल
ग्वालियर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सफाई मित्र कर्मचारियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर सफाई मित्रों को टी-शर्ट, कैप एवं साड़ी वितरित कर उनके कार्यों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। पार्षद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस प्रमोद खरे ने कहा कि सफाई मित्र समाज के ऐसे कर्मयोगी हैं, जो प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके अथक परिश्रम और समर्पण के कारण ही नागरिकों को स्वच्छ वातावरण प्राप्त हो पाता है। ऐसे कर्मठ कर्मचारियों का सम्मान करना समाज और जनप्रतिनिधियों का नैतिक दायित्व है। इस अवसर पर लोगों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरियाली बढ़ाने का संदेश भी दिया गया। उपस्थित जनों से अपील की गई कि वे विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और वृक्षारोपण का संकल्प लें तथा एक स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित ग्वालियर के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। प्रमोद खरे ने सफाई मित्रों के योगदान को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

