संतोष बघेल प्रकरण: एसपी कार्यालय का घेराव, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग

  • Share on :

दिव्यानंद अर्गल 
भिंड। मेहगांव थाना क्षेत्र में मृतक संतोष बघेल के परिजनों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी महेश शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने तथा निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि न्याय की मांग कर रहे पीड़ित परिवार पर बल प्रयोग किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर दोषी कौन है—न्याय की मांग करने वाला पीड़ित परिवार या उन पर लाठियां बरसाने वाले पुलिसकर्मी। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों को न्याय मांगने का अधिकार है और उनकी आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास उचित नहीं है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि टीआई महेश शर्मा एवं अन्य संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित किया जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, मृतक संतोष बघेल के परिवार को न्याय एवं सुरक्षा प्रदान की जाए तथा किसी भी दोषी को राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण न मिले। इस अवसर पर आजाद समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव एडवोकेट रायसिंह बौद्ध ने कहा कि अन्याय के विरुद्ध संघर्ष जारी रहेगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper