करैरा में अवैध रेत परिवहन कर रहे ट्रैक्टर को एसडीएम निंगवाल ने किया जब्त, रेत माफियाओं में हड़कंप
करैरा :- अवैध रेत परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने करैरा में एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। करैरा एसडीएम अनुराग निंगवाल ने झांसी रोड मंडी क्षेत्र में दौरे के दौरान अवैध रेत से भरे एक ट्रैक्टर को पकड़ा। यह कार्रवाई उस समय की गई जब एसडीएम स्वयं क्षेत्रीय निरीक्षण पर थे और उनकी नजर संदिग्ध रूप से रेत से लदे ट्रैक्टर पर पड़ी। एसडीएम निंगवाल ने मौके पर ही ट्रैक्टर को रुकवाकर चालक से रेत परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जांच के दौरान चालक कोई भी अधिकृत रॉयल्टी पर्ची अथवा परिवहन अनुमति पत्र उपलब्ध नहीं करा सका। दस्तावेजों के अभाव में ट्रैक्टर को अवैध रेत परिवहन का दोषी मानते हुए तत्काल जब्त कर लिया गया। इस पूरी कार्रवाई में करैरा तहसीलदार कल्पना शर्मा भी एसडीएम के साथ मौजूद रहीं। दोनों अधिकारियों की संयुक्त कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों में प्रशासन की सख्ती का स्पष्ट संदेश गया। जब्त किए गए ट्रैक्टर को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए करैरा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
गौरतलब है कि बीते 48 घंटों के भीतर प्रशासन द्वारा अवैध रेत के खिलाफ यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले करैरा और दिनारा क्षेत्र में भी अवैध रेत उत्खनन व परिवहन को लेकर दो अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई की जा चुकी है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से रेत माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में भय का माहौल देखा जा रहा है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अवैध रेत उत्खनन और परिवहन से न केवल शासन को राजस्व की हानि होती है, बल्कि पर्यावरण संतुलन भी बिगड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए करैरा अनुविभाग में सतत निगरानी और औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। एसडीएम अनुराग निंगवाल ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। नागरिकों का कहना है कि यदि इसी तरह सख्ती जारी रही तो अवैध रेत कारोबार पर प्रभावी रोक लग सकेगी। एसडीएम निंगवाल ने चेतावनी दी है कि आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और दोषियों पर कठोर दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।

