एसडीएम-तहसीलदार रोज करें उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण : कलेक्टर
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर कुशवाहा
कटनी। कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिले के सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को प्रतिदिन समर्थन मूल्य पर संचालित गेहूं उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्रों पर छन्ना, पंखा, पेयजल, बारदाना सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा किसानों की भीड़ प्रबंधन और गेहूं परिवहन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने मिलावटी एवं अशुद्ध खाद्य पदार्थ बनाने वाली फैक्ट्रियों पर अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा एवं सहायक कलेक्टर श्लोक वाइकर सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
लापरवाही पर अधिकारियों को नोटिस, शिकायतों के निराकरण के निर्देश
कटनी। समय-सीमा बैठक के दौरान कलेक्टर आशीष तिवारी ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरी, जिला परियोजना समन्वयक प्रेमनारायण तिवारी तथा जल निगम अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
खराब रैंकिंग पर जिला खनिज अधिकारी एवं सीएमएचओ से स्पष्टीकरण मांगा गया। डिजिटाइजेशन कार्य में रुचि नहीं लेने वाले पटवारियों पर कार्रवाई तथा लोक सेवा गारंटी के लंबित मामलों में पंचायत सचिवों पर अर्थदंड लगाने के निर्देश भी दिए गए।
जनगणना की तैयारी तेज, 30 अप्रैल तक किट वितरण के निर्देश
कलेक्टर ने जनगणना तैयारियों की समीक्षा करते हुए तहसीलदारों को 30 अप्रैल तक प्रगणकों को किट वितरित करने के निर्देश दिए। वहीं 1 मई से प्रारंभ होने वाले मकान सूचीकरण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश जनपद पंचायत सीईओ और पंचायत सचिवों को दिए गए।
जलगंगा संवर्धन अभियान में जिले की 19वीं रैंक
जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने जलगंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए विभागों को निर्धारित लक्ष्य समय पर पूर्ण कर पोर्टल पर प्रविष्टि करने के निर्देश दिए। वर्तमान में कटनी जिला अभियान में प्रदेश स्तर पर 19वें स्थान पर है।
मिलावटखोरों पर चलेगा अभियान, फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण
कटनी। कलेक्टर आशीष तिवारी ने खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए जिले की बड़ी खाद्य उत्पादन इकाइयों में औचक निरीक्षण कर मिलावटी एवं अशुद्ध खाद्य सामग्री बनाने वालों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री सोलर पंप योजना में 36 किसानों को मिला लाभ
कटनी। मुख्यमंत्री सोलर पंप योजना की समीक्षा में बताया गया कि 559 लक्ष्य के विरुद्ध 509 किसानों ने राशि जमा कर दी है, जबकि 36 किसानों के यहां सोलर पंप स्थापित हो चुके हैं। कलेक्टर ने शेष किसानों के ऋण स्वीकृत कराने के लिए बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए।
जिले में चना-मसूर उपार्जन जारी, 354 मीट्रिक टन खरीदी
जिले में समर्थन मूल्य पर चना एवं मसूर की खरीदी जारी है। अब तक 6 उपार्जन केन्द्रों में 128 किसानों से 170 मीट्रिक टन चना तथा 91 किसानों से 184 मीट्रिक टन मसूर खरीदी की जा चुकी है।
चना का समर्थन मूल्य 5875 रुपये तथा मसूर का 7000 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। उपार्जन कार्य 28 मई तक चलेगा। कलेक्टर ने किसानों से निर्धारित समय में गुणवत्तायुक्त उपज लाने की अपील की है।
आदि गुरु शंकराचार्य जयंती पर व्याख्यानमाला आयोजित
विकासखंड बड़वारा में म.प्र. जन अभियान परिषद द्वारा संचालित सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम अंतर्गत आदि गुरु शंकराचार्य जयंती पर व्याख्यानमाला कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने शंकराचार्य के जीवन दर्शन, सनातन धर्म के पुनर्जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्लीमनाबाद महाविद्यालय में जैविक खेती की प्रायोगिक परीक्षा संपन्न
कटनी। स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय स्लीमनाबाद में जैविक खेती विषय की लिखित एवं मौखिक प्रायोगिक परीक्षा संपन्न हुई। विद्यार्थियों को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के उद्देश्य से जैविक कृषि का प्रशिक्षण दिया गया। परीक्षा बाह्य एवं आंतरिक परीक्षकों की उपस्थिति में आयोजित हुई।
स्वैच्छिक संगठनों की जिला स्तरीय बैठक 28 अप्रैल को
कटनी। म.प्र. जन अभियान परिषद द्वारा संचालित दृष्टि योजना के अंतर्गत स्वैच्छिक संगठनों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक 28 अप्रैल को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े संगठनों की जिला डायरेक्टरी तैयार की जाएगी।

