सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ, जनसेवा और जनभागीदारी के संकल्प के साथ एक माह तक होंगी विविध गतिविधियां
मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने किया ‘नमो सेवा संकल्प प्रदर्शनी’ का अवलोकन, कार्ययोजना पुस्तिका एवं कैलेंडर का किया विमोचन
हितग्राहियों को हितलाभ वितरित, रक्तदान वीरों को प्रमाण-पत्र एवं मेडल देकर किया सम्मानित
संवाददाता :- सलीम हुसैन
झाबुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्षों की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उनके जन्मदिवस 17 सितम्बर को सेवा-संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 17 अक्टूबर तक एक माह चलेगा, जिसके अंतर्गत जनसेवा, जनकल्याण एवं राष्ट्र निर्माण की भावना से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम, झाबुआ में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने ‘नमो सेवा संकल्प प्रदर्शनी’ का निरीक्षण एवं अवलोकन किया तथा सेवा संकल्प अभियान की कार्ययोजना पुस्तिका एवं कैलेंडर का विमोचन किया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव वन एवं आनंद विभाग राघवेन्द्र कुमार सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ—मंत्री सुश्री भूरिया
महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे प्रदेश के साथ झाबुआ जिले में भी एक माह तक व्यापक स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान की कार्ययोजना पुस्तिका एवं कैलेंडर के अनुरूप सभी गतिविधियों को जनभागीदारी के साथ संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने की रही है। इसी उद्देश्य के अनुरूप अभियान को धरातल पर प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जाएगा।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन-धन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा और वित्तीय समावेशन से जोड़ा गया है। जन-धन खातों के माध्यम से डीबीटी व्यवस्था को सुदृढ़ करने में सहायता मिली है। किसान, महिला, युवा और गरीब वर्गों को केंद्र में रखकर विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने की दिशा में कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं का सुव्यवस्थित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। अभियान के दौरान रक्तदान, वृक्षारोपण सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित होंगी। जो पात्र व्यक्ति किसी कारण से योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए हैं, उन्हें चिन्हित कर लाभान्वित करने के प्रयास किए जाएंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग के संबंध में उन्होंने कहा कि विभाग में कार्य करने की व्यापक संभावनाएं हैं। पोषण के प्रति जागरूकता के साथ शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि जिला और प्रदेश प्रत्येक योजना के क्रियान्वयन में बेहतर प्रदर्शन करे। उन्होंने जिला प्रशासन से जनभागीदारी के माध्यम से अभियान को निचले स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का आह्वान किया। मंत्री सुश्री भूरिया ने जिले एवं प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की।
एक माह में व्यापक स्तर पर होंगी सेवा गतिविधियां—कलेक्टर डॉ. भरसट
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि 17 सितम्बर का दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के साथ विश्वकर्मा जयंती के कारण भी विशेष है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। जिले में अगले 30 दिनों के दौरान 14 प्रमुख गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा और इनमें अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ गतिविधि के तहत जिले में लगभग 7 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सहभागिता के साथ दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा तथा जिले की 11 आइकॉनिक लोकेशन पर विशेष रूप से दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। अभियान अवधि में एक लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने बताया कि सेवा के योगदान के अंतर्गत 21 गतिविधियों को चिन्हित किया गया है। ‘जीवन धारा’ अभियान के माध्यम से रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है। 14 जून से प्रारंभ अभियान के अंतर्गत अब तक लगभग 750 यूनिट रक्त संग्रहित किया जा चुका है तथा अगले 30 दिनों में अतिरिक्त 1000 यूनिट तक पहुंचाने का लक्ष्य है। विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्र में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के रूप में जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के दौरान लगभग एक लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य रखा गया है। 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को अरविंदो कॉलेज के सहयोग से मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी प्रकार 2 अक्टूबर को लगभग 500 स्थानों पर व्यापक स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की लगभग 1000 ‘सेवा की कहानियां’ भी संकलित की जाएंगी। जनजागरूकता के लिए 18 नाट्य दलों के माध्यम से भी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान भानु भूरिया
भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विभिन्न सेवा एवं जनकल्याण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर कार्य किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्ययोजना पुस्तिका एवं कैलेंडर का विमोचन
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा सेवा संकल्प अभियान की कार्ययोजना पुस्तिका एवं कैलेंडर का विमोचन किया गया। पुस्तिका एवं कैलेंडर में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक जिले में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत कार्ययोजना समाहित की गई है।
‘नमो सेवा संकल्प प्रदर्शनी’ में विभागों ने प्रदर्शित की योजनाएं एवं उपलब्धियां
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा ‘नमो सेवा संकल्प प्रदर्शनी’ लगाई गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा आजीविका उत्पाद एवं जनजातीय आभूषण, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी सेवाएं, पूरक पोषण, स्वास्थ्य जांच एवं पोषण-स्वास्थ्य जागरूकता, आयुष विभाग द्वारा ‘स्वस्थ जीवन के लिए आयुर्वेद’, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा जैविक एवं प्राकृतिक खेती, उद्यानिकी विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के उन्नत उत्पाद तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा लखपति गोपालक दीदी योजना पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। मंत्री सुश्री भूरिया एवं अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी ली।
रक्तदान वीरों को किया सम्मानित
सेवा एवं सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम में रक्तदान करने वाले रक्तदान वीरों को प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में डिप्टी कलेक्टर महेश बड़ोले, विजय बारिया (एनसीसी), परियोजना अधिकारी, जिला नगरीय विकास अभिकरण अक्षय सिंह मरकाम शशिकांत चौधरी, श्रीमती कृष्णा रावत (एनआरएलएम), मनीष खतेड़िया (आरक्षक), तृप्ति बैरागी (एनआरएलएम), राजेन्द्र सिंह चौहान, सचिन बैरागी एवं विजय गामोड़ (एनसीसी) शामिल रहे।
हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण
कार्यक्रम में विभिन्न स्वरोजगार एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए गए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के 13 स्व-सहायता समूहों को सिलाई दुकान, किराना दुकान, पशुपालन एवं कृषि गतिविधियों के लिए मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक के माध्यम से कुल 102.40 लाख रुपये की ऋण राशि के डेमो चेक प्रदान किए गए।
उद्यानिकी विभाग की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत शंकर राठवा को आटा चक्की के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा के माध्यम से 3.51 लाख रुपये तथा श्री निलेश सिंगाड़ को आटा चक्की के लिए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से 4.40 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया।
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र झाबुआ की मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत यतीन्द्र सिंह चौहान को परिवहन सेवा के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से 6.80 लाख रुपये तथा श्री हसन उद्दीन काज़ी को मोबाइल शॉप के लिए भारतीय स्टेट बैंक, राजवाड़ा के माध्यम से 30 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया।
मध्यप्रदेश आदिवासी वित्त विकास निगम झाबुआ की भगवान बिरसा मुंडा योजना के अंतर्गत गोर्धन भाबोर को सेन्ट्रिंग कार्य के लिए 7.20 लाख रुपये तथा रोहित डामोर को पेवर ब्लॉक मैन्युफैक्चरिंग के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा के माध्यम से 4.72 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया। पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक विभाग की मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक उद्यम योजना में रोहित चौधरी को सीमेंट ब्लॉक व्यवसाय के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से 9 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया।
जिला शहरी विकास अभिकरण झाबुआ के अंतर्गत पीएम स्वनिधि योजना में श्री अफजल एवं श्री मनीष चौहान को स्ट्रीट वेंडर गतिविधि के लिए भारतीय स्टेट बैंक, आजाद चौक के माध्यम से 15-15 हजार रुपये के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नुक्कड़ नाटक
कार्यक्रम के दौरान पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं कर्मचारी पुत्री छात्रावास की छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। साथ ही नुक्कड़ नाटक मंडली द्वारा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनके लाभों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रभावी नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक शासकीय योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
इस दौरान जनप्रतिनिधिगण, पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी एस सोलंकी,अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ महेश मंडलोई एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी, बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

