शेफाली वर्मा के अर्धशतक और दीप्ति शर्मा की फिरकी से जीती टीम इंडिया, एशिया कप के फाइनल में बनाई जगह

  • Share on :

दुबई। विमेंस एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल नंबर-1 में भारत और बांग्लादेश की टक्कर हुई. गुरुवार (11 सितंबर) को दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 40 रनों से जीत हासिल की. मुकाबले में बांग्लादेश को जीत के लिए 150 रनों का टारगेट मिला था, लेकिन वो 7 विकेट पर 109 रन ही बना सकी.
इस जीत के साथ भारतीय टीम फाइनल में पहुंच गई है. विमेंस एशिया कप का ये दसवां संस्करण है और इन सभी में भारतीय टीम ने फाइनल का सफर तय किया. इस बार फाइनल में भारत का सामना 13 सितंबर को श्रीलंका या पाकिस्तान से होगा. श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच दूसरा सेमीफाइनल 11 सितंबर को होना है.
रनचेज में बांग्लादेशी टीम कतई लय में नहीं दिखी. शोर्ना अख्तर ने सबसे ज्यादा नाबाद 22 रन बनाए. वहीं दिलारा आख्तर (21 रन), निगार सुल्ताना (19 रन), सोभना मोस्तारी (18 रन), जुएरिया फिरदौस (14 रन) और फाहिमा खातून (14 रन) भी दोहरे अंकों तक पहुंचने में सफल रहीं. स्पिनर दीप्ति शर्मा ने भारत के लिए तीन सफलताएं हासिल कीं. वहीं नंदनी शर्मा ने 2 विकेट झटके. श्री चरणी और प्रेमा रावत को एक-एक कामयाबी हासिल हुई.
मुकाबले में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट पर 149 रन बनाए. सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 40 गेंदों पर 64 रनों की पारी खेली, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 2 छक्के की मदद से नाबाद 24 रनों का योगदान दिया, लेकिन इसके लिए उन्होंने 28 गेंदें खेलीं.
ऋचा घोष (21 रन), प्रतीका रावल (20 रन) और दीप्ति शर्मा (13 रन) ने भी बल्ले से उपयोगी योगादान दिया. ओपनर स्मृति मंधाना (2 रन) और भारती फुलमाली (0 रन) कुछ खास नहीं कर सकीं. बांग्लादेश की ओर से ऑफ स्पिनर सुल्ताना खातून ने दो विकेट चटकाए. मारुफा अख्तर, नाहिदा अख्तर और राबेया खान को भी एक-एक सफलता हाथ लगी.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper