साइबर अपराध में इस्तेमाल हो रही संदिग्ध सिम पर शहडोल पुलिस की कार्रवाई
ऑपरेशन FAST-2.0 के तहत ब्यौहारी और पपौंध में POS एजेंटों पर दर्ज हुए प्रकरण
साहिल खान
शहडोल। पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में साइबर अपराधों में उपयोग की जा रही संदिग्ध सिम एवं उनके POS (Point of Sale) एजेंटों के विरुद्ध ऑपरेशन FAST-2.0 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मुख्यालय भोपाल से प्राप्त जानकारी के आधार पर थाना ब्यौहारी एवं थाना पपौंध क्षेत्र में जांच की गई, जिसमें ग्राहकों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम पर सिम सक्रिय करने और उन्हें अन्य स्थानों पर भेजे जाने तथा साइबर अपराधों में इस्तेमाल किए जाने से जुड़े तथ्य सामने आए।
पुलिस के अनुसार थाना ब्यौहारी में सिम नंबर 6269602942 के संबंध में अज्ञात सिम उपयोगकर्ता के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), आईटी एक्ट की धारा 66(C) तथा दूरसंचार अधिनियम, 2023 की धारा 42(3)(E) एवं 42(6) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इसी थाना क्षेत्र में POS एजेंट ऋषभ पटेल, निवासी वार्ड क्रमांक-03, बरहा टोला, ब्यौहारी के विरुद्ध ग्राहकों के दस्तावेजों का उपयोग कर सिम सक्रिय करने और उसे अन्यत्र भेजने के मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
वहीं थाना पपौंध में POS एजेंट हरिशरण प्रजापति, पिता सुराजी प्रजापति, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम कुआं, थाना पपौंध के विरुद्ध संबंधित सिमों को नियम विरुद्ध तरीके से जारी करने के मामले में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा तीनों मामलों में विवेचना की जा रही है।
शहडोल पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों में सिम कार्ड के दुरुपयोग को रोकने और फर्जी तरीके से सिम जारी करने वाले संदिग्ध POS एजेंटों पर निगरानी रखते हुए वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सिम के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

