शिप्रा का बढ़ा जलस्तर, डूबे राम घाट के मंदिर; उज्जैन समेत पूरे एमपी में भारी बारिश का अलर्ट
उज्जैन. उज्जैन में शुक्रवार को भारी बारिश के बाद कई इलाकों में गंभीर जलभराव देखने को मिला. लगातार बारिश की वजह से शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिससे राम घाट के पास बने कई मंदिर पानी में डूब गए. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी है.
भारतीय मौसम विभाग यानी IMD के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण पश्चिम मानसून उत्तरी अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश के बचे हुए हिस्सों, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ और इलाकों में आगे बढ़ेगा.
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना है. इस वजह से अगले पांच से छह दिनों तक देश के मध्य हिस्सों में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है.
मध्य भारत के लिए मौसम विभाग ने 2 से 8 जुलाई तक पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में व्यापक बारिश का अनुमान जताया है. 3 जुलाई यानि आज पश्चिमी मध्य प्रदेश में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बिजली गिरने की आशंका है, जो कभी कभी 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. यही स्थिति पूर्वी मध्य प्रदेश में भी बनी रहेगी. विभाग ने 3 और 4 जुलाई को पश्चिमी मध्य प्रदेश में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी भी दी है.
इस बीच महाराष्ट्र में भी भारी बारिश का असर देखने को मिला. बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी BMC ने शुक्रवार को मुंबई और उपनगरों में भारी से अति भारी बारिश का अनुमान जताया, साथ ही 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई.
BMC के मुताबिक शुक्रवार सुबह 8 बजे खत्म हुए 24 घंटों में मुंबई शहर में 126 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जबकि पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 110 और 114 मिलीमीटर बारिश हुई. मुंबई मौसम केंद्र ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है.
साभार आज तक

