सिद्धिविनायक मंदिर विवाद: सदा सर्वणकर बोले- 8 आरोपी पुलिस व न्यायिक हिरासत के बाद ज़मानत पर बाहर, जांच जारी
नई दिल्ली. मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में हुए दान घोटाले को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के आरोपों के बीच सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सदा सर्वणकर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि जिन मंदिर कर्मचारियों को आरोपों के आधार पर पुलिस ने हिरासत में लिया था, उन्हें पहले पुलिस हिरासत और उसके बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया था.
सदा सर्वणकर ने कहा कि अब तक पुलिस ने कुल आठ लोगों को हिरासत में लिया था. इन सभी को पहले तीन दिन की पुलिस रिमांड पर रखा गया. पुलिस हिरासत पूरी होने के बाद उनके खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया हुई और बाद में अदालत ने सभी को जमानत दे दी. उन्होंने बताया कि जमानत पाने वालों में नरेश खाडे भी शामिल हैं.
ट्रस्ट अध्यक्ष ने कहा कि मामले की जांच कानून के मुताबिक चल रही है और न्यायालय की प्रक्रिया का पूरा सम्मान किया जा रहा है. उन्होंने संकेत दिया कि अब तक की कार्रवाई के बाद संबंधित आरोपियों को अदालत से राहत मिल चुकी है. गौरतलब है कि हाल ही में राज ठाकरे ने सिद्धिविनायक मंदिर में दान राशि के कथित घोटाले का मुद्दा उठाते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की थी, जिसके बाद यह मामला राजनीतिक और सार्वजनिक चर्चा का विषय बन गया है.
साभार आज तक

