इस हफ्ते कड़ाके की ठंड के साथ उत्तर पश्चिम में बारिश के संकेत - आईएमडी

  • Share on :

नई दिल्ली। नए साल की एंट्री जबरदस्त ठंड के साथ हुई है। IMD यानी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इस सप्ताह कड़ाके की ठंड के साथ उत्तर पश्चिम के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के भी संकेत दे दिए हैं। हालांकि, राहत की बात है कि अगले कुछ दिनों में क्षेत्र में न्यूनतम तापमान में इजाफा भी दर्ज किया जा सकता है। इधर, पंजाब और मध्य प्रदेश समेत कई राज्य घने कोहरे की चादर में दबे रहेंगे।
IMD की तरफ से बुधवार रात जारी अपडेट के अनुसार, 2 जनवरी गुरुवार तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा में अल सुबह और देर रात के दौरान घना कोहरा छाने के आसार हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम में 3 जनवरी तक ऐसा मौसम बना रह सकता है। साथ ही असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में 6 जनवरी तक सुबह और शाम के दौरान घने कोहरे के आसार हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 2 जनवरी को कोल्ड डे के आसार हैं। विज्ञप्ति के मुताबिक, सुबह और शाम के समय गुरुवार को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में कोल्ड डे के आसार हैं। 3, 4 और 5 जनवरी को असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा कोहरे का सामना कर सकते हैं।
5 जनवरी को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगिट-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद में भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है। साथ ही हिमाचल प्रदेश में गरज के आसार हैं।
बुधवार रात के अपडेट के मुताबिक, 5 दिनों क दौरान उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस घट सकता है। पूर्वी भारत में 3 दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में इजाफा दर्ज किया जा सकता है। महाराष्ट्र में 3 दिनों में न्यूनतम पारा 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हालांकि, अगले 5 दिनों के दौरान मध्य भारत और गुजरात में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव के आसार कम हैं।
लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper